सफ़वी काल में जब पवित्र अलवी हरम की मौजूदा इमारत बनाई गई, तब सहन में मौजूद तहख़ानों, क़ब्रों और मेहराबों को हटाया नहीं गया। इनमें जलायरी शासकों के परिवार की क़ब्रें भी शामिल थीं। उस समय सहन की ज़मीन आसपास की ज़मीन से नीचे थी। समय के साथ मिट्टी जमा होने और हवा के कारण आसपास की ज़मीन का स्तर ऊँचा हो गया था।
उस्मानी काल में पुनर्निर्माण
उस्मानी सुल्तान सलीम तृतीय के शासनकाल में, 1206 हिजरी यानी 1791 ईस्वी में बग़दाद के गवर्नर की ओर से आदेश दिया गया कि इन क़ब्रों को हटाकर सहन के फ़र्श पर संगमरमर लगाया जाए, ताकि ज़ायरीन का आवागमन आसान हो सके। लेकिन शिया मरजा सैयद मुहम्मद महदी बहरुल उलूम ने इसका विरोध किया और कहा कि क़ब्रों को उनकी जगह पर ही रहने दिया जाए। इसके बाद क़ब्रों के बीच छत जैसी संरचनाएँ बनाई गईं और उनके ऊपर नजफ़ के आसपास की खदानों से निकाले गए सफ़ेद पत्थर लगाए गए। इस परियोजना का खर्च मीर ख़ैरुल्लाह ईरानी ने उठाया।
सुल्तान अब्दुल हमीद द्वितीय के दौर में फ़र्श की मरम्मत
1 शव्वाल 1315 हिजरी यानी 1898 ईस्वी में सुल्तान अब्दुल हमीद द्वितीय के आदेश पर पवित्र अलवी सहन के फ़र्श की मरम्मत शुरू हुई। जब पुराने पत्थर हटाए गए, तो नीचे पुराने तहख़ाने और कुछ सुल्तानों व अमीरों की क़ब्रें सामने आईं। यह काम 10 जमादिस्सानी 1316 हिजरी यानी 1898 ईस्वी में पूरा हुआ। अल्लामा सैयद जाफ़र बहरुल उलूम ने इस मरम्मत का ज़िक्र ऐतिहासिक स्रोतों में किया है।
शरीफ़ अलवी सहन के फ़र्श के पुनर्निर्माण के दौरान की घटनाएँ
शैख़ मुहम्मद हुसैन हरज़ुद्दीन शरीफ़ अलवी सहन के फ़र्श के पुनर्निर्माण के दौरान देखी गई घटनाओं के बारे में लिखते हैं:
«रबीउस्सानी 1316 हिजरी में सुल्तान अब्दुल हमीद ख़ान के आदेश पर मज़दूरों ने नजफ़ अशरफ़ के सहन का फ़र्श खोदना शुरू किया, ताकि नीचे दबे पुराने तहख़ानों की मरम्मत की जा सके। इस काम में वहां दफ्न मय्यतों के सम्मान पर अधिक ध्यान नहीं दिया गया। यह काम नजफ़ में वक़्फ़ विभाग के प्रतिनिधि अलाउद्दीन अफ़ंदी की निगरानी में हो रहा था।
खुदाई के दौरान सहन के उत्तर-पूर्वी हिस्से में बड़ी क़ब्रें दिखाई दीं। ये एक ऐसे तहख़ाने से जुड़ी थीं जो प्रसिद्ध मस्जिद अल-ख़ज़रा के दरवाज़े तक जाता था। इसके अलावा कर्बला से नजफ़ के रास्ते पर स्थित क़ीरान नाम के गाँव की ओर बने जूता रखने के स्थान (कफ़्शदारी) के पास, सहन के फ़र्श के नीचे दो बड़ी क़ब्रें मिलीं। संभवता ये नजफ़ के पुराने क़ब्रिस्तान की ज़मीन में थीं।। ये कब्रें उत्कृष्ट नीले रंग की टाइलों से बनी थीं, जो मोज़ेक जैसी थीं और जिनमें चमकीले रंग तथा सुंदर डिज़ाइन थे। इन दोनों कब्रों के आसपास की दीवारें फूलों और वृक्षों के चित्रों वाली उभरी हुई टाइलों से ढकी थीं और उनके नीचे एक बहुत विशाल तहख़ाना था, जिसमें पारदर्शी और मूल्यवान सफ़ेद पत्थर का उपयोग किया गया था। तहख़ाने की सीढ़ियाँ भी इसी सफ़ेद पत्थर से बनी थीं।»
एक कब्र के पत्थर पर लिखा था:
«महान शाह सुल्तान मुअज़्ज़ुद्दीन अब्दुलवासेअ का निधन 3 जमादी अल-अव्वल 791 हिजरी क़मरी को हुआ।»
दूसरी कब्र के पत्थर पर लिखा था:
«11 मुहर्रम, बुधवार का दिन, वर्ष 831 हिजरी क़मरी»
लेकिन उस क़ब्र में दफ़्न व्यक्ति का नाम पढ़ा नहीं जा सका।
इन कब्रों के पास एक अन्य कब्र भी प्रकट हुई, जिस पर लिखा था:
«यह मरहूमा शाहज़ादी सुल्तान बैज़ीद की कब्र है, ताबा सराहा (उनकी मिट्टी पवित्र और शुद्ध हो), जमादी अल-आख़िर 803 हिजरी क़मरी।»
एक अन्य कब्र सुल्तान शैख़ उवैस के वंश के एक बच्चे की थी, जो संभवतः वही व्यक्ति है जिसकी प्रशंसा ख़्वाजा हाफ़िज़ फ़ारसी के दीवान में इस कविता द्वारा की गई है:
«अल्हम्दुलिल्लाहि अला मअदिलतिस-सुल्तान अहमद बिन शैख़ उवैस हसन इलख़ानी; सुल्तान अहमद की न्यायप्रियता पर अल्लाह का शुक्र है; जो उवैस हसन इलख़ानी के पुत्र (या शैख़ वंश के सदस्य) हैं।»
मज़दूरों ने बग़दाद औक़ाफ़ परिषद के आदेश से इन ऐतिहासिक निशानियों को नष्ट कर दिया; बिना इस बात का ध्यान रखे कि वे मुस्लिम और ईमानदार सुल्तानों के रूप में उचित सम्मान के पात्र थे। अल्लाह हरम के सेवकों के प्रमुख और उनके मज़दूरों को प्रतिफल प्रदान करे, क्योंकि इस घटना से पहले और बाद का आदेश केवल अल्लाह के हाथ में है।
पवित्र अलवी हरम में मरम्मत और विकास कार्य
1370 हिजरी क़मरी (1951 ई.) में इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अस-सईद नजफ़ आए और उन्होंने अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के हरम और उसके सहन में कई सुधारों तथा पुनर्निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए एक समिति के गठन का आदेश दिया।
यह समिति नजफ़ के क़ाइम-मक़ाम सैय्यद ज़िया शुक्कारा और नजफ़ शहर के हाकिम, उस्ताद अब्दुल फ़त्ताह अल-आमेरी की अध्यक्षता में गठित हुई। इसके सदस्यों में हरम के ख़ाज़िन (कोषाध्यक्ष) सैय्यद अब्बास रफ़ीई; न्यायिक प्रशासन परिषद के सदस्य उस्ताद रशाद अजीना; नजफ़ नगरपालिका के अध्यक्ष हाजी मुहम्मद सईद शम्सा तथा कर्बला के अन्य कार्यकारी अधिकारियों और सामान्य औक़ाफ़ के इंजीनियरों का एक समूह शामिल था।
शैख़ उलूम काशिफ़ुल-ग़िता को समिति का सचिव नियुक्त किया गया। इस बड़े परियोजना के लिए आवश्यक बजट इराक़ सरकार के सामान्य बजट से उपलब्ध कराया गया।निर्माण और मरम्मत का काम विशेषज्ञ इंजीनियरों और वास्तुकारों की निगरानी में हुआ। इनमें हाज सईद मेमार भी शामिल थे।
इन कामों में पवित्र अलवी सहन के फ़र्श की मरम्मत और उसके इवानों पर इराक़ी संगमरमर लगाना शामिल था। यह काम 1371 हिजरी यानी 1952 ईस्वी में पूरा हुआ।
शैख़ मुहम्मद हुसैन हरज़ुद्दीन इस पुनर्निर्माण के बारे में लिखते हैं:
«1370 हिजरी क़मरी में पवित्र अलवी सहन के दक्षिणी भाग के फ़र्श को दोबारा बनाया गया और इवानों के किनारों पर सफ़ेद संगमरमर लगाया गया। इस परियोजना के लिए इराक़ सरकार ने 500 दीनार का बजट निर्धारित किया था।»
सहन के फ़र्श और जल आपूर्ति सुविधाओं का पुनर्निर्माण
1401 हिजरी यानी 1981 ईस्वी में सहन के फ़र्श पर संगमरमर लगाया गया। समय के साथ पुराना होने और निर्माण की गुणवत्ता अच्छी न होने के कारण संगमरमर में दरारें पड़ने लगीं और कई हिस्से टूट गए। फ़र्श के कुछ हिस्से नीचे भी धँस गए। इसकी वजह सहन के नीचे मौजूद पुराने तहख़ाने और खाली जगहें थीं।
इसी कारण इमाम अली (अलैहिस्सलाम) के रौज़े के मुतवल्ली ने इन खराब हिस्सों की मरम्मत करने और पूरे फ़र्श को दोबारा बनाने का फैसला किया। इसके लिए यूनान का सफ़ेद तासोस संगमरमर चुना गया। यह बहुत अच्छी गुणवत्ता का संगमरमर है। इसकी खास बात यह है कि इसका तापमान आसपास के वातावरण से लगभग 14 डिग्री सेल्सियस कम रहता है। नजफ़ की गर्मियों को देखते हुए और इस बात का ध्यान रखते हुए कि रौज़े में ज़ायरीन को नंगे पैर चलना होता है यह संगमरमर बहुत उपयुक्त माना गया। इस परियोजना का काम ज़िलक़ादा 1438 हिजरी यानी 2017 ईस्वी में शुरू हुआ।
पहला चरण:
- पुराने संगमरमर और उसके नीचे स्थित क्षतिग्रस्त कंक्रीट की परत को हटाया गया।
- सहन के फ़र्श की पुरानी सफ़ेद पत्थर की परत को हटाया गया।
- तहख़ानों और कब्रों की मरम्मत शरीअत के नियमों के अनुसार की गई और उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक इंजीनियरिंग उपाय किए गए।
अगला चरण:
- 10 से 12 मीटर गहरे उस कुओं की मरम्मत की गई, जिनका इस्तेमाल सहन का पानी निकालने के लिए होता था।
- इन कुओं से जुड़े सीवेज मार्गों की सफ़ाई और रखरखाव किया गया।
- पुरानी पानी की पाइपें हटाकर नई और अच्छी गुणवत्ता वाली प्लास्टिक पाइपें लगाई गईं। इन पाइपों की कुल लंबाई 618 मीटर थी और इन्हें सहन के अंदर बनाई गई नई सेवा सुरंग में लगाया गया।
इसके अलावा, हर इवान के खंभे के पास पानी की सप्लाई के स्थान बनाए गए, ताकि सहन के अलग-अलग हिस्सों तक आसानी से पानी पहुँचाया जा सके।
स्रोत
«तारीख़ अल-मरक़द अल-अलवी अल-मुतहर» पुस्तक से उद्धृत
इस लेख श्रंखला के पिछले भाग में पवित्र अलवी सहन की टाइलकारी और मरम्मत का ऐतिहासिक क्रम की समीक्षा की गई है।