Most searched:

हज़रत अली से मोहब्बत की फ़ज़ीलत और दुनिया तथा आख़िरत में उसकी बरकतें

हज़रत अली से मोहब्बत करने के फ़ायदे और बरकतें

हज़रत अली (अ.स.) से मोहब्बत के बारे में रसूलुल्लाह (सल्लल्लाहु अलैहि व आलेहि वसल्लम) से कई रिवायतें नक़्ल हुई हैं।

इनमें इस मोहब्बत को दुनिया में हिदायत पाने से लेकर आख़िरत में जन्नत तक पहुँचने का ज़रिया बताया गया है। इन रिवायतों के अनुसार, हज़रत अली (अ.) से सच्ची मोहब्बत केवल ज़बान से इज़हार करने का नाम नहीं है। यह दिल में जगह बनाती है और इंसान के व्यवहार, मदद और पैरवी में भी दिखाई देती है।

हज़रत अली (अ.) से मोहब्बत हिदायत का रास्ता है

रसूलुल्लाह (स.) से रिवायत है:

“जिसने अली से मोहब्बत की, उसने हिदायत पा ली और जिसने उनसे दुश्मनी की, वह हक़ के रास्ते से आगे निकल गया।” [1]

एक दूसरी रिवायत में आपने फ़रमाया:

“अली से मोहब्बत करने वाला सही रास्ते पर चलने वाला और सही काम करने वाला है, जबकि उनसे दुश्मनी रखने वाले को भलाई में कोई हिस्सा नहीं मिलता।” [2]

रसूलुल्लाह (स.) ने हज़रत अली (अ.) को क्या ख़ुशख़बरी दी?

अब्दुल्लाह बिन उमर एक वाक़ेआ बयान करते हैं।

एक दिन वह मदीना में रसूलुल्लाह (स.) के साथ थे। पैग़म्बर हज़रत अली (अ.) को तलाश कर रहे थे। चलते-चलते वे एक बाग़ तक पहुँचे। वहाँ देखा कि हज़रत अली (अ.) ज़मीन पर सो रहे हैं और आपके शरीर पर गर्द व ग़ुबार लगी हुई है।

रसूलुल्लाह (स.) ने फ़रमाया:

“मैं लोगों को दोष नहीं देता कि वे तुम्हें अबू तुराब कहते हैं।”

यह सुनकर हज़रत अली (अ.) के चेहरे का रंग बदल गया और यह बात आपको भारी लगी।

रसूलुल्लाह (स.) ने पूछा:

“ऐ अली! क्या मैं तुम्हें ख़ुश न करूँ?”

आपने जवाब दिया:

“क्यों नहीं, ऐ अल्लाह के रसूल!”

तब पैग़म्बर (स.) ने फ़रमाया:

“तुम मेरे भाई और मेरे वज़ीर हो। तुम मेरा क़र्ज़ अदा करोगे, मेरे वादे पूरे करोगे और मेरी ज़िम्मेदारियाँ निभाओगे।

जो मेरी ज़िंदगी में तुमसे मोहब्बत करेगा, वह अपने अहद पर क़ायम रहेगा।

जो मेरे बाद तुम्हारी ज़िंदगी में तुमसे मोहब्बत करेगा, अल्लाह उसका अंजाम अमन और ईमान के साथ करेगा।

जो मेरे बाद तुमसे मोहब्बत करेगा, जबकि उसने तुम्हें देखा भी न हो, अल्लाह उसका अंजाम अमन और ईमान के साथ करेगा और उसे क़यामत के सबसे बड़े डर से सुरक्षित रखेगा।

ऐ अली! जो तुमसे दुश्मनी की हालत में मरेगा, उसकी मौत जाहिलियत की मौत होगी और अल्लाह उससे इस्लाम के दौरान किए गए उसके कामों का हिसाब लेगा।” [3]

ज़बान, दिल और अमल से मोहब्बत करने का सवाब

हज़रत सलमान फ़ारसी से रिवायत है कि उन्होंने रसूलुल्लाह (स.) को हज़रत अली (अ.) से यह कहते सुना:

“ऐ अबुल हसन! मेरी उम्मत में तुम्हारी मिसाल सूरह ‘क़ुल हुवल्लाहु अहद’ जैसी है।

जो इसे एक बार पढ़ता है, मानो उसने एक-तिहाई क़ुरआन पढ़ा। जो दो बार पढ़ता है, मानो उसने दो-तिहाई क़ुरआन पढ़ा और जो तीन बार पढ़ता है, मानो उसने पूरा क़ुरआन पढ़ लिया।

इसी तरह जो तुमसे ज़बान से मोहब्बत करता है, उसका एक-तिहाई ईमान पूरा होता है।

जो ज़बान और दिल दोनों से तुमसे मोहब्बत करता है, उसका दो-तिहाई ईमान पूरा होता है।

और जो ज़बान और दिल से तुमसे मोहब्बत करता है और अपने हाथों से तुम्हारी मदद भी करता है, उसका ईमान पूरा हो जाता है।

ऐ अली! उस ज़ात की क़सम जिसने मुझे हक़ के साथ भेजा, अगर ज़मीन वाले तुमसे उसी तरह मोहब्बत करते जैसे आसमान वाले करते हैं, तो किसी को आग का अज़ाब न दिया जाता।” [4]

हज़रत अली (अ.) से सच्ची मोहब्बत और दुआ की क़बूलियत

हज़रत अबू ज़र से रिवायत है कि वह एक दिन मस्जिद में रसूलुल्लाह (स.) के पास बैठे थे। उसी समय हज़रत अली (अ.) वहाँ आए।

पैग़म्बर (स.) ने पूछा:

“ऐ अबू ज़र! यह कौन आ रहा है?”

उन्होंने जवाब दिया:

“ऐ अल्लाह के रसूल! यह अली हैं।”

पैग़म्बर ने पूछा:

“क्या तुम उनसे मोहब्बत करते हो?”

अबू ज़र ने कहा:

“अल्लाह की क़सम! मैं उनसे मोहब्बत करता हूँ और उनसे मोहब्बत करने वालों से भी मोहब्बत करता हूँ।”

रसूलुल्लाह (स.) ने फ़रमाया:

“ऐ अबू ज़र! अली से मोहब्बत करो और उनसे मोहब्बत करने वालों से भी मोहब्बत करो। बंदे और अल्लाह के बीच का पर्दा अली बिन अबी तालिब की मोहब्बत है।

ऐ अबू ज़र! अली से सच्चे दिल से मोहब्बत करो। जो व्यक्ति उनसे ख़ुलूस के साथ मोहब्बत करता है और अल्लाह से कुछ माँगता है, अल्लाह उसे अता करता है। जब वह अल्लाह को पुकारता है, तो अल्लाह उसकी पुकार का जवाब देता है।”

अबू ज़र ने कहा:

“ऐ अल्लाह के रसूल! मैं अपने दिल में अली की मोहब्बत को ठंडे पानी या शहद जैसी मिठास के साथ महसूस करता हूँ। जब मैं क़ुरआन की कोई आयत पढ़ता हूँ, तब भी यह मोहब्बत मुझे शहद से अधिक मीठी लगती है।”

तब रसूलुल्लाह (स.) ने फ़रमाया:

“हम पाकीज़ा पेड़ और मज़बूत सहारा हैं। हमारे मोहब्बत करने वाले उसकी पत्तियाँ हैं। जो जन्नत में जाना चाहता है, वह इस पेड़ की किसी शाख़ को मज़बूती से पकड़ ले।” [5]

हज़रत अली (अ.) की मोहब्बत और गुनाहों की माफ़ी

रसूलुल्लाह (स.) से रिवायत है:

“ऐ लोगो! जो चाहता है कि अल्लाह का क्रोध शांत हो और उसका अमल क़बूल किया जाए, उसे अली बिन अबी तालिब से मोहब्बत करनी चाहिए।

क्योंकि उनकी मोहब्बत ईमान को बढ़ाती है और गुनाहों को उसी तरह पिघला देती है, जैसे आग सीसे को पिघला देती है।” [6]

एक दूसरी रिवायत में आपने फ़रमाया:

“अली बिन अबी तालिब की मोहब्बत गुनाहों को उसी तरह मिटा देती है, जैसे आग लकड़ियों को जला देती है।” [7]

मौत, क़ब्र और क़यामत में हज़रत अली (अ.) से मोहब्बत की बरकत

अली की मोहब्बत का फ़ायता केवल दुनिया तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी बरकतें आख़ेरत में भी है। रसूलुल्लाह (स.) ने हज़रत अली (अ.) से फ़रमाया कि आपके ईमानी भाई कठिन मौक़ों पर ख़ुश होंगे।

जब उनकी जान निकल रही होगी, उस समय पैग़म्बर और हज़रत अली (अ.) उनके पास मौजूद होंगे।

क़ब्र में सवाल-जवाब के समय भी उन्हें यह ख़ुशी हासिल होगी।

इसी तरह क़यामत के बड़े मैदान और पुल-सिरात पर भी, जब दूसरे लोगों से उनके ईमान के बारे में सवाल किया जाएगा और वे जवाब नहीं दे पाएँगे, तब भी आपके ईमानी भाई ख़ुश होंगे। [8]

हारिस हमदानी से हज़रत अली (अ.) की बातचीत

हारिस हमदानी बयान करते हैं कि एक बार वह हज़रत अली (अ.) के पास गए। आपने पूछा:

“हारिस! तुम यहाँ क्यों आए हो?”

उन्होंने जवाब दिया:

“ऐ अमीरुल मोमिनीन! आपकी मोहब्बत मुझे यहाँ लाई है।”

हज़रत अली (अ.) ने पूछा:

“हारिस! क्या तुम मुझसे मोहब्बत करते हो?”

उन्होंने कहा:

“जी हाँ, अल्लाह की क़सम!”

आपने फ़रमाया:

“जब तुम्हारी जान गले तक पहुँच जाएगी, तब तुम मुझे वहाँ देखोगे जहाँ मुझे देखकर तुम्हें ख़ुशी होगी।

जब तुम मुझे हौज़ से कुछ लोगों को इस तरह दूर करते देखोगे, जैसे किसी अनजान ऊँट को दूर किया जाता है, तब भी तुम मुझे वहाँ देखोगे जहाँ तुम्हें ख़ुशी होगी।

और जब तुम मुझे हम्द का झंडा लेकर रसूलुल्लाह (स.) के आगे-आगे पुल-सिरात से गुज़रते देखोगे, तब भी तुम मुझे वहाँ देखोगे जहाँ तुम्हें ख़ुशी होगी।” [9]

क़यामत में हज़रत अली (अ.) का मक़ाम

रसूलुल्लाह (स.) से रिवायत है:

“क़यामत के दिन अली बिन अबी तालिब फ़िरदौस पर बैठेंगे। वह जन्नत के ऊपर एक ऊँचा पहाड़ है, जिसके ऊपर सारे संसार के रब का अर्श है। उस पहाड़ के नीचे से जन्नत की नहरें निकलती हैं और बाग़ों में बहती हैं। अली नूर के तख़्त पर बैठे होंगे और उनके सामने तस्नीम की नहर बह रही होगी।

कोई व्यक्ति पुल-सिरात से नहीं गुज़र सकेगा, जब तक उसके पास अली और उनके अहले बैत की विलायत का अमान नामा न हो। अली जन्नत पर निगरानी रखेंगे और अपने मोहब्बत करने वालों को उसमें दाख़िल करेंगे। और अपने दुश्मनों को जहन्नम में दाख़िल करेंगे।” [10]

पुल-सिरात पर हज़रत अली (अ.) की मोहब्बत का सहारा

रसूलुल्लाह (स.) ने हज़रत अली (अ.) से फ़रमाया: “जिस मोमिन के दिल में तुम्हारी मोहब्बत मज़बूती से बस गई हो और पुल-सिरात पर उसका पैर फिसल जाए, तो उसका पैर फिर मज़बूत कर दिया जाएगा, यहाँ तक कि अल्लाह तुम्हारी मोहब्बत के कारण उसे जन्नत में दाख़िल कर देगा।” [11]

एक दूसरी रिवायत में फ़रमाया: “जान लो! जो अली से मोहब्बत करेगा और उनकी विलायत को स्वीकार करेगा, अल्लाह उसके लिए जहन्नम से मुक्ति, पुल-सिरात से गुज़रने की अनुमति और अज़ाब से सुरक्षा लिख देगा।” [12]

हज़रत अली (अ.) से मोहब्बत का अंजाम

रसूलुल्लाह (स.) ने हज़रत अली (अ.) से फ़रमाया: “ऐ अली! अल्लाह ने तुम्हें एक ऐसे ज़ेवर से सजाया है, जिससे अधिक प्रिय ज़ेवर से उसने अपने बंदों को नहीं सजाया। यह ज़ेवर दुनिया से दिल न लगाना है, जो अल्लाह के नेक बंदों की विशेषता है।

अल्लाह ने तुम्हें ऐसा बनाया है कि न तुम दुनिया से कुछ जमा करते हो और न दुनिया तुमसे कोई फ़ायदा उठा पाती है। उसने तुम्हें ग़रीबों से मोहब्बत अता की है। तुम उन्हें अपना अनुयायी बनाकर ख़ुश होते हो और वे तुम्हें अपना इमाम मानकर ख़ुश होते हैं।

ख़ुशख़बरी है उस व्यक्ति के लिए जो तुमसे मोहब्बत करे और तुम्हारे बारे में सच बोले। और लानत है उस व्यक्ति पर जो तुमसे दुश्मनी करे और तुम्हारे बारे में झूठ बोले। जो तुमसे मोहब्बत करते हैं और तुम्हारे बारे में सच कहते हैं, वे तुम्हारे पड़ोसी और जन्नत में तुम्हारे साथी होंगे।

लेकिन जो तुमसे दुश्मनी करते हैं और तुम्हारे बारे में झूठ बोलते हैं, अल्लाह उन्हें क़यामत के दिन झूठों के स्थान पर खड़ा करेगा।” [13]

हज़रत अली (अ.) से मोहब्बत करने वालों का जन्नत में मक़ाम

जाबिर बिन अब्दुल्लाह अंसारी से रिवायत है कि रसूलुल्लाह (स.) ने हज़रत अली (अ.) से फ़रमाया: “जो तुमसे मोहब्बत करेगा और तुम्हारी विलायत स्वीकार करेगा, अल्लाह उसे हमारे साथ जगह देगा।”

इसके बाद पैग़म्बर (स.) ने क़ुरआन की ये आयतें पढ़ीं:

“बेशक परहेज़गार लोग बाग़ों और नहरों के बीच होंगे। सच्चाई के स्थान पर, एक शक्तिशाली बादशाह के पास।” [14]

************************

स्रोत और संदर्भ

[1] जामेउल अख़बार, पेज 54, हदीस 65।
«مَنْ أَحَبَّ عَلِيّاً فَقَدِ اهْتَدَى، وَمَنْ أَبْغَضَهُ فَقَدِ اعْتَدَى»

[2] जामेउल अख़बार, पेज 54, हदीस 66
«مَنْ أَحَبَّ عَلِيّاً كَانَ رَشِيداً مُصِيباً، وَمَنْ أَبْغَضَهُ لَمْ يَنَلْ مِنَ الْخَيْرِ نَصِيباً»

[3] अल-मोजमुल कबीर, तबरानी, जिल्द 12, पेज 420, हदीस 13585 (काहिरा संस्करण) / 13549 (मकतबत इब्ने तैमिया संस्करण)।
«بَيْنَمَا أَنَا مَعَ النَّبِيِّ صَلَّى اللهُ عَلَيْهِ وَسَلَّمَ فِي ظِلٍّ بِالْمَدِينَةِ وَهُوَ يَطْلُبُ عَلِيًّا، فَانْتَهَيْنَا إِلَى حَائِطٍ فَنَظَرْنَا فِيهِ، فَنَظَرَ إِلَى عَلِيٍّ وَهُوَ نَائِمٌ فِي الْأَرْضِ وَقَدْ أَغْبَرَ، فَقَالَ: لَا أَلُومُ النَّاسَ يُكَنُّونَكَ أَبَا تُرَابٍ، فَلَقَدْ رَأَيْتُ عَلِيًّا تَغَيَّرَ وَجْهُهُ واشْتَدَّ ذَلِكَ، فَقَالَ: أَلَا أُرْضِيكَ يَا عَلِيُّ؟ قَالَ: بَلَى يَا رَسُولَ اللهِ، قَالَ: أَنْتَ أَخِي وَوَزِيرِي، تَقْضِي دَيْنِي وَتُنْجِزُ مَوْعِدِي وَتُبْرِئُ ذِمَّتِي، فَمَنْ أَحَبَّكَ فِي حَيَاةٍ مِنِّي فَقَدْ قَضَى نَحْبَهُ، وَمَنْ أَحَبَّكَ فِي حَيَاةٍ مِنْكَ بَعْدِي خَتَمَ اللهُ لَهُ بِالْأَمْنِ وَالْإِيمَانِ، وَمَنْ أَحَبَّكَ بَعْدِي وَلَمْ يَرَكَ خَتَمَ اللهُ لَهُ بِالْأَمْنِ وَالْإِيمَانِ، وَأَمَّنَهُ يَوْمَ الْفَزَعِ الْأَكْبَرِ، وَمَنْ مَاتَ وَهُوَ يُبْغِضُكَ يَا عَلِيُّ مَاتَ مِيتَةً جَاهِلِيَّةً، يُحَاسِبُهُ اللهُ بِمَا عَمِلَ فِي الْإِسْلَامِ.»

[4] अल-अमाली, शैख़ सदूक़, पेज 34
عن سلمان الفارسي: «سَمِعْتُ حَبِيبِي رَسُولَ اللَّهِ يَقُولُ لِعَلِيٍّ علیه السلام: يَا أَبَا الْحَسَنِ مَثَلُكَ فِي أُمَّتِي مَثَلُ‏ قُلْ هُوَ اللَّهُ أَحَدٌ فَمَنْ قَرَأَهَا مَرَّةً قَرَأَ ثُلُثَ الْقُرْآنِ وَ مَنْ قَرَأَهَا مَرَّتَيْنِ فَقَدْ قَرَأَ ثُلُثَيِ الْقُرْآنِ وَ مَنْ قَرَأَهَا ثَلَاثاً فَقَدْ خَتَمَ الْقُرْآنَ فَمَنْ أَحَبَّكَ بِلِسَانِهِ فَقَدْ كَمَلَ لَهُ ثُلُثُ الْإِيمَانِ وَ مَنْ أَحَبَّكَ بِلِسَانِهِ وَ قَلْبِهِ فَقَدْ كَمَلَ ثُلُثَا الْإِيمَانِ وَ مَنْ أَحَبَّكَ بِلِسَانِهِ وَ قَلْبِهِ وَ نَصَرَكَ بِيَدِهِ فَقَدِ اسْتَكْمَلَ‏ الْإِيمَانَ‏ وَ الَّذِي بَعَثَنِي بِالْحَقِّ يَا عَلِيُّ لَوْ أَحَبَّكَ أَهْلُ الْأَرْضِ كَمَحَبَّةِ أَهْلِ السَّمَاءِ لَكَ لَمَا عُذِّبَ أَحَدٌ بِالنَّار.»

[5] आलामुद्दीन फ़ी सिफ़ातिल मोमिनीन, पेज 136
وَ رَوَى جَابِرُ بْنُ عَبْدِ اللَّهِ الْأَنْصَارِيُّ عَنْ أَبِي ذَرٍّ قَالَ: «كُنْتُ جَالِساً عِنْدَ النَّبِيِّ صلی الله علیه و آله فِي الْمَسْجِدِ إِذْ أَقْبَلَ عَلِيٌّ علیه السلام فَلَمَّا رَآهُ مُقْبِلًا قَالَ يَا بَا ذَرٍّ مَنْ هَذَا الْمُقْبِلُ فَقُلْتُ عَلِيٌّ يَا رَسُولَ اللَّهِ فَقَالَ يَا بَا ذَرٍّ أَ تُحِبُّهُ فَقُلْتُ إِي وَ اللَّهِ يَا رَسُولَ اللَّهِ إِنِّي لَأُحِبُّهُ وَ أُحِبُّ مَنْ يُحِبُّهُ فَقَالَ: «يَا بَا ذَرٍّ أَحِبَّ عَلِيّاً وَ أَحِبَّ مَنْ أَحَبَّهُ فَإِنَّ الْحِجَابَ الَّذِي بَيْنَ الْعَبْدِ وَ بَيْنَ اللَّهِ تَعَالَى حُبُّ عَلِيِّ بْنِ أَبِي طَالِبٍ ع يَا بَا ذَرٍّ أَحِبَّ عَلِيّاً مُخْلِصاً فَمَا مِنِ امْرِئٍ أَحَبَّ عَلِيّاً مُخْلِصاً وَ سَأَلَ اللَّهَ تَعَالَى شَيْئاً إِلَّا أَعْطَاهُ وَ لَا دَعَا اللَّهَ إِلَّا لَبَّاهُ» فَقُلْتُ يَا رَسُولَ اللَّهِ إِنِّي لَأَجِدُ حُبَّ عَلِيِّ بْنِ أَبِي طَالِبٍ عَلَى كَبِدِي كَبَارِدِ الْمَاءِ أَوْ كَعَسَلِ النَّحْلِ أَوْ كَآيَةٍ مِنْ كِتَابِ اللَّهِ أَتْلُوهَا وَ هُوَ عِنْدِي أَحْلَى مِنَ الْعَسَلِ فَقَالَ رَسُولُ اللَّهِ صلی الله علیه و آله نَحْنُ الشَّجَرَةُ الطَّيِّبَةُ وَ الْعُرْوَةُ الْوُثْقَى وَ مُحِبُّونَا وَرَقُهَا فَمَنْ أَرَادَ الدُّخُولَ إِلَى الْجَنَّةِ فَلْيَسْتَمْسِكْ بِغُصْنٍ مِنْ أَغْصَانِهَا.»

[6] अल-मनाक़िबुल मुर्तज़विया, पेज 123
«أَيُّهَا النَّاسُ! مَنْ أَرَادَ أَنْ يُطْفِئَ غَضَبَ اللَّهِ، وَمَنْ أَرَادَ أَنْ يُقْبَلَ عَمَلُهُ، فَلْيُحِبَّ عَلِيَّ بْنَ أَبِي طَالِبٍ؛ فَإِنَّ حُبَّهُ يَزِيدُ الْإِيمَانَ، وَإِنَّ حُبَّهُ يُذِيبُ السَّيِّئَاتِ كَمَا تُذِيبُ النَّارُ الرَّصَاصَ.»

[7] मनाक़िब आले अबी तालिब, जिल्द 3, पेज 198
«حُبُّ عَلِيِّ بْنِ أَبِي طَالِبٍ يَأْكُلُ الذُّنُوبَ كَمَا تَأْكُلُ النَّارُ الْحَطَبَ»

[8] अल-अमाली, शैख़ सदूक़, पेज 561
«يَا عَلِيُّ إِخْوَانُكَ يَفْرَحُونَ فِي ثَلَاثَةِ مَوَاطِنَ عِنْدَ خُرُوجِ أَنْفُسِهِمْ وَ أَنَا شَاهِدُهُمْ وَ أَنْتَ وَ عِنْدَ الْمُسَاءَلَةِ فِي قُبُورِهِمْ وَ عِنْدَ الْعَرْضِ الْأَكْبَرِ وَ عِنْدَ الصِّرَاطِ إِذَا سُئِلَ الْخَلْقُ عَنْ إِيمَانِهِمْ فَلَمْ يُجِيبُوا.»

[9] अल-अमाली, शैख़ तूसी, पेज 48
عَنِ الْحَارِثِ الْهَمْدَانِيِّ، قَالَ: «دَخَلْتُ عَلَى أَمِيرِ الْمُؤْمِنِينَ عَلِيِّ بْنِ أَبِي طَالِبٍ (عَلَيْهِ السَّلَامَ) فَقَالَ: مَا جَاءَ بِكَ قَالَ: فَقُلْتُ: حُبِّي لَكَ يَا أَمِيرَ الْمُؤْمِنِينَ. فَقَالَ: يَا حَارِثُ أَ تُحِبُّنِي فَقُلْتُ: نَعَمْ وَ اللَّهِ، يَا أَمِيرَ الْمُؤْمِنِينَ. قَالَ: أَمَا لَوْ بَلَغَتْ نَفْسُكَ الْحُلْقُومَ رَأَيْتَنِي حَيْثُ تُحِبُّ، وَ لَوْ رَأَيْتَنِي وَ أَنَا أَذُودُ الرِّجَالَ عَنِ الْحَوْضِ ذَوْدَ غَرِيبَةِ الْإِبِلِ لَرَأَيْتَنِي حَيْثُ تُحِبُّ، وَ لَوْ رَأَيْتَنِي وَ أَنَا مَارٌّ عَلَى الصِّرَاطِ بِلِوَاءِ الْحَمْدِ بَيْنَ يَدَيْ رَسُولِ اللَّهِ (صَلَّى اللَّهُ عَلَيْهِ وَ آلِهِ) لَرَأَيْتَنِي حَيْثُ تُحِبُّ.»

[10] मिअतु मनक़बा मिन मनाक़िब अमीरुल मोमिनीन वल अइम्मा, पेज 85
َ قَالَ رَسُولُ اللَّهِ صلی الله علیه و آله: «إِذَا كَانَ يَوْمُ الْقِيَامَةِ يَقْعُدُ عَلِيُّ بْنُ أَبِي طَالِبٍ ع عَلَى الْفِرْدَوْسِ وَ هُوَ جَبَلٌ قَدْ عَلَا عَلَى الْجَنَّةِ وَ فَوْقَهُ عَرْشُ رَبِّ الْعَالَمِينَ وَ مِنْ سَفْحِهِ تَنْفَجِرُ أَنْهَارُ الْجَنَّةِ وَ تَتَفَرَّقُ فِي الْجِنَانِ وَ هُوَ جَالِسٌ عَلَى كُرْسِيٍّ مِنْ نُورٍ يَجْرِي بَيْنَ يَدَيْهِ [نَهَرٌ مِنَ‏] التَّسْنِيمِ لَا يَجُوزُ أَحَدٌ عَلَى الصِّرَاطِ إِلَّا وَ مَعَهُ بَرَاءَةٌ بِوَلَايَتِهِ وَ وَلَايَةِ أَهْلِ بَيْتِهِ (وَ هُوَ مُشْرِفٌ) عَلَى الْجَنَّةِ فَيَدْخُلُهَا مُحِبِّيهِ وَ مُشْرِفٌ عَلَى النَّارِ فَيَدْخُلُهَا مُبْغِضِيه‏.»

[11] बिहारुल अनवार, जिल्द 8, पेज 69
عَنْ أَبِي جَعْفَرٍ عَنْ آبَائِهِ علیهم السلام قَالَ: قَالَ النَّبِيُّ صلی الله علیه و آله لِعَلِيٍّ علیه السلام: «مَا ثَبَتَ حُبُّكَ فِي قَلْبِ امْرِئٍ مُؤْمِنٍ فَزَلَّتْ بِهِ قَدَمٌ عَلَى الصِّرَاطِ إِلَّا ثَبَتَتْ لَهُ قَدَمٌ حَتَّى أَدْخَلَهُ اللَّهُ بِحُبِّكَ الْجَنَّةَ.»

[12] बिशारतुल मुस्तफ़ा, पेज 71।
«أَلَا وَمَنْ أَحَبَّ عَلِيّاً وَتَوَلَّاهُ كَتَبَ اللَّهُ لَهُ بَرَاءَةً مِنَ النَّارِ وَجَوَازاً عَلَى الصِّرَاطِ وَأَمَاناً مِنَ الْعَذَابِ».

[13] बिहारुल अनवार, जिल्द 65, पेज 115
عَنْ أَبِي مَرْيَمَ السَّلُولِيِّ قَالَ سَمِعْتُ رَسُولَ اللَّهِ صلی الله علیه و آله يَقُولُ: «يَا عَلِيُّ إِنَّ اللَّهَ قَدْ زَيَّنَكَ بِزِينَةٍ لَمْ يُزَيِّنِ الْعِبَادَ بِزِينَةٍ أَحَبَّ إِلَى اللَّهِ مِنْهَا الزُّهْدُ فِي الدُّنْيَا وَ جَعَلَكَ لَا تَنَالُ مِنَ الدُّنْيَا شَيْئاً وَ لَا تَنَالُ الدُّنْيَا مِنْكَ شَيْئاً وَ وَهَبَ لَكَ حُبَّ الْمَسَاكِينِ فَرَضُوا بِكَ إِمَاماً وَ رَضِيتَ بِهِمْ أَتْبَاعاً فَطُوبَى لِمَنْ أَحَبَّكَ وَ صَدَّقَ فِيكَ وَ وَيْلٌ لِمَنْ أَبْغَضَكَ وَ كَذَّبَ عَلَيْكَ فَأَمَّا الَّذِينَ أَحَبُّوكَ وَ صَدَقُوا فِيكَ فَهُمْ جِيرَانُكَ فِي دَارِكَ وَ رُفَقَاؤُكَ فِي قَصْرِكَ وَ أَمَّا الَّذِينَ بَغَّضُوكَ وَ كَذَبُوا عَلَيْكَ فَحَقٌّ عَلَى اللَّهِ أَنْ يُوقِفَهُمْ مَوْقِفَ الْكَذَّابِينَ يَوْمَ الْقِيَامَةِ.»

[14] कश्फ़ुल ग़ुम्मा, जिल्द 1, पेज 305।  और सूरह अल-क़मर, आयत 54–55
عَنْ جَابِرِ بْنِ عَبْدِ اللَّهِ قَالَ: قَالَ رَسُولُ اللَّهِ صلی الله علیه و آله لِعَلِيٍّ علیه السلام: «مَنْ أَحَبَّكَ وَ تَوَلَّاكَ أَسْكَنَهُ اللَّهُ مَعَنَا.» ثُمَّ تَلَا رَسُولُ اللَّهِ صلی الله علیه و آله: «إِنَّ الْمُتَّقِينَ فِي جَنَّاتٍ وَ نَهَرٍ فِي مَقْعَدِ صِدْقٍ عِنْدَ مَلِيكٍ مُقْتَدِرٍ.»

 

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *