Most searched:

सहने हज़रत ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) और शबिस्तान का परिचय

सहने हज़रत ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) और शबिस्तान, नजफ़ अशरफ़ में अमीरुल मोमिनीन इमाम अली (अलैहिस्सलाम) के पवित्र हरम के निकट स्थित है और पवित्र धार्मिक स्थलों के इतिहास में सबसे विशाल और भव्य विस्तार परियोजनाओं में से एक है। यह अद्वितीय वास्तुकला वाला एक आध्यात्मिक परिसर है, जिसमें इस्लामी कला, अलवी आध्यात्मिकता और आधुनिक वैश्विक इंजीनियरिंग का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।

दुनिया भर से अमीरुल मोमिनीन इमाम अली (अलैहिस्सलाम) के श्रद्धालुओं और ज़ियारत करने वालों की निरंतर बढ़ती संख्या को देखते हुए, रौज़े के प्रबंधकों और मुतवल्लियों ने इमाम अली (अलैहिस्सलाम) के पवित्र हरम के विस्तार और विकास की दिशा में कदम उठाने का निर्णय लिया। इसी प्रयास और पवित्र रौज़े के विस्तार परियोजना का पहला चरण हज़रत ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) के सहन और शबिस्तान के निर्माण के साथ साकार हुआ।

यह विशाल परियोजना दो बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए तैयार की गई थी। पहली, इमाम अली (अलैहिस्सलाम) के पवित्र रौज़े  का विस्तार, जिसकी मरम्मत और विकास पर प्राचीन काल से ही महान विद्वानों और ईरानी वास्तुकारों, जिनमें शेख़ बहाई भी शामिल हैं, ने विशेष ध्यान दिया था। दूसरी, पैग़म्बरे अकरम हज़रत मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व आलिहि व सल्लम) की प्यारी बेटी हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) के नाम पर एक स्मारक का निर्माण; एक ऐसा भवन जो मौला-ए-मुत्तक़ियान इमाम अली (अलैहिस्सलाम) के पवित्र रौज़े के निकट प्रेम, कला और आस्था की अनुपम झलक प्रस्तुत करता है।

इस विशाल इंजीनियरिंग परियोजना का पहला चरण विस्तार योजना को लागू करने के लिए सबसे उपयुक्त स्थान की पहचान करना था। कई महीनों तक विभिन्न विकल्पों की जाँच, अध्ययन और मूल्यांकन के बाद अंततः पवित्र अलवी हरम का पश्चिमी भाग, अबू तालिब रिवाक़ और इमाम सज्जाद (अलैहिस्सलाम) के मक़ाम के बीच स्थित क्षेत्र सर्वोत्तम विकल्प के रूप में स्वीकृत किया गया और परियोजना का कार्य आधिकारिक रूप से आरंभ कर दिया गया।

इस परियोजना में दीवारों को सुदृढ़ बनाने के लिए पाइलिंग तकनीक का उपयोग किया गया है। इस प्रकार, लगभग एक हज़ार पाइल, जिनकी ऊँचाई 25 मीटर है लगाई गई। 400 मीटर लंबी और 150 मीटर चौड़ी भूमि में लगभग 17 मीटर की गहराई तक खुदाई, साथ ही सतही जल को नियंत्रित करना और मिट्टी के धंसने तथा खिसकने से रोकने के लिए मज़बूत दीवारों का निर्माण करना, उन बड़े और जटिल कार्यों में शामिल है जिन्हें ईरानी इंजीनियरों ने पवित्र रौज़े की विस्तार परियोजना के दौरान पूरा किया है।

इस विशाल परियोजना के अन्य महत्वपूर्ण चरणों में से एक संरचना की सटीक इन्सुलेशन व्यवस्था थी, जिसे ईरानी विशेषज्ञों ने उल्लेखनीय सावधानी और सूक्ष्मता के साथ कार्यान्वित किया। इसके अतिरिक्त, इस परियोजना में प्रयुक्त कंक्रीट एक नया और अत्यंत प्रभावी मिश्रण है, जिसे ईरानी इंजीनियरों की रचनात्मकता और तकनीकी ज्ञान का परिणाम माना जाता है।

हज़रत अली (अ.) के पवित्र रौज़े के मुख्य गुंबद की अपेक्षाकृत कम ऊँचाई और यह चिंता कि शबिस्तान में प्रवेश करते ही पहली नज़र में गुंबद दिखाई दे ने ईरान के प्रसिद्ध वास्तुकारों और डिजाइन विशेषज्ञों को इस बात के लिए प्रेरित किया कि वे ऐसी संरचना तैयार करें, जिसमें भूमिगत तीन मंज़िलें और ज़मीन के ऊपर एक मंज़िल हो। तकनीकी और इंजीनियरिंग की अनेक कठिनाइयों के बावजूद इस योजना को सफलतापूर्वक पूरा किया गया और यह इस परियोजना की प्रमुख विशेषताओं में शामिल हो गई।

विधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं के संबंध में भी, परियोजना की विशालता और हरम के वातावरण में शांति बनाए रखने की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि सभी तकनीकी उपकरण शबिस्तान स्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थापित किए जाएँ। इस प्रकार, वेंटिलेशन, शीतलन और हीटिंग की प्रणालियाँ एक विशाल सुरंग के माध्यम से हवा को पवित्र सहन तक पहुँचाती हैं। इस व्यवस्था के कारण रौज़े के पवित्र वातावरण में किसी भी प्रकार के ध्वनि प्रदूषण को उत्पन्न होने से रोका जाता है।

हज़रत ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) के शबिस्तान का डिज़ाइन प्रामाणिक इस्लामी–ईरानी वास्तुकला से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इसे ईरान के शहीद बेहेश्ती विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित इंजीनियरों और वास्तुकारों के एक समूह ने डिज़ाइन किया है।

यह सहन या शबिस्तान दो भागों—ज़ियारत संबंधी और ग़ैर-ज़ियारत—से मिलकर बना है, ताकि इमाम अली अलैहिस्सलाम के पवित्र रौज़ेकी सभी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।

क) ज़ियारत संबंधी भाग

इस परिसर का ज़ियारत संबंधी भाग 29 हज़ार वर्गमीटर भूमि पर निर्मित किया गया है और इसमें चार मुख्य मंज़िलें तथा तीन अर्ध-मंज़िलें शामिल हैं। लगभग 85 हज़ार वर्गमीटर के निर्मित क्षेत्रफल और प्रति घंटे अधिकतम 100 हज़ार लोगों की क्षमता के साथ, यह भाग पवित्र रौज़े के सबसे बड़े ज़ियारती स्थलों में से एक माना जाता है।

इस भाग के अंतर्गत शबिस्तान की तीन मंज़िलें और खुला सहन, हौज़ा-ए-इल्मिया, चिकित्सा इकाइयाँ, तकनीकी सुविधाएँ, भंडारगृह, स्वच्छता सुविधाओं का एक भाग तथा अन्य सेवा विभाग शामिल हैं। इन सभी का डिज़ाइन और निर्माण रौज़े के ज़ियारत करने वालों की आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से किया गया है।

हज़रत ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) के शबिस्तान की आंतरिक सजावट के प्रमुख आकर्षणों में 1,200 से अधिक स्तंभों पर की गई पत्थर की कारीगरी उल्लेखनीय है। इस स्थान के डिज़ाइन में प्रत्येक मंज़िल को अलग प्रकार के पत्थर से सुसज्जित किया गया है, जिससे शबिस्तान को मनोहारी और विशिष्ट स्वरूप प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त, पूरे शबिस्तान में 800 से अधिक आंतरिक गुंबदों की उपस्थिति इस स्थायी कृति में इस्लामी–ईरानी वास्तुकला की भव्यता और विशालता को प्रदर्शित करती है।

ख) ग़ैर-ज़ियारत संबंधी भाग

इस परिसर के ग़ैर-ज़ियारत संबंधी भाग में संग्रहालय, पुस्तकालय, तहारतख़ाना, वुज़ूख़ाना, प्रशासनिक भवन, अतिथि-गृह, रेस्तराँ और विशेष पार्किंग जैसे स्थान शामिल हैं। इस भाग का डिज़ाइन और निर्माण ज़ियारत करने वालों तथा पवित्र रौज़े के परिसर को कल्याणकारी, सांस्कृतिक और सहायक सेवाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।

  • प्रशासनिक एवं सूचना विभाग

यह विभाग 4,400 वर्गमीटर भूमि पर लगभग 15 हज़ार वर्गमीटर के क्षेत्रफल के साथ बनाया गया है। इसमें प्रशासनिक, तकनीकी और इंजीनियरिंग इकाइयाँ, सभा-भवन, सेवा विभाग तथा अन्य संबंधित स्थान शामिल हैं।

  • पुस्तकालय

पुस्तकालय 3,100 वर्गमीटर भूमि पर 2,000 वर्गमीटर के निर्मित क्षेत्रफल के साथ बनाया गया है और इसे छह मंज़िलों में डिज़ाइन किया गया है। इस पुस्तकालय में 2 लाख 50 हज़ार से अधिक पुस्तकों की क्षमता है और यह पवित्र अलवी हरम की सांस्कृतिक सुविधाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

  • अतिथि-गृह और हरम का मुज़ीफ़

यह भाग 4,400 वर्गमीटर भूमि पर 14,500 वर्गमीटर के निर्मित क्षेत्रफल के साथ बनाया गया है और इसमें प्रत्येक पाली में 10 हज़ार भोजन तैयार करने और पकाने की क्षमता है।

  • तहारत और वुज़ूख़ाना

यह भाग भी 15 हज़ार वर्गमीटर क्षेत्र में स्थित है और इसमें 900 स्वच्छता इकाइयाँ हैं। वर्तमान सहन के आसपास स्थित स्वच्छता सुविधाओं को भी शामिल करने पर, यह भाग 1 लाख 40 हज़ार से अधिक ज़ियारत करने वालों को सेवाएँ प्रदान करने में सक्षम होगा।

  • विशेष पार्किंग

यह पार्किंग 10 हज़ार वर्गमीटर क्षेत्रफल वाली भूमि पर निर्मित की गई है।

  • संग्रहालय

यह संग्रहालय 3,100 वर्गमीटर भूमि पर, 18 हज़ार वर्गमीटर के निर्मित क्षेत्रफल के साथ छह मंज़िलों में बनाया गया है।

इस परियोजना के पूरा होने के साथ, पवित्र अलवी रौज़ा अब आधुनिक ज़ियारती और सेवा-संबंधी सुविधाओं तथा विशिष्ट कलात्मक सौंदर्य से सुसज्जित है। इनका डिज़ाइन ईरानी इंजीनियरों के ज्ञान और नए आइडिया के आधार पर किया गया है, जिससे लाखों ज़ियारत करने वालों के लिए एक शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित अनुभव उपलब्ध होता है।

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *