Most searched:

इमाम अली (अलैहिस्सलाम) के पवित्र रौज़े के सहन के प्रवेश द्वार

पवित्र अलवी दरगाह के प्रवेश और निकास द्वार केवल अपनी बाहरी सुंदरता के कारण महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि वे ज़ायरीन के मार्गदर्शन और पवित्र सहन में व्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन द्वारों की संख्या और उनके नाम, दरगाह की भौगोलिक स्थिति और समग्र वास्तुशिल्पीय डिज़ाइन के अनुसार अलग-अलग रहे हैं।

वर्तमान समय में इमाम अली (अ.) को रौज़े में पाँच प्रवेश द्वार हैं, लेकिन सफ़वी काल में जब इस भवन का निर्माण वर्ष १०२३ हिजरी क़मरी (१६१४ ई.) में हुआ था, तब इसके मुख्य प्रवेश द्वारों की संख्या केवल तीन थी।

इन मुख्य द्वारों को आज निम्न नामों से जाना जाता है:

पूर्व दिशा में बाबुस्साअह (घड़ी वाला द्वार), उत्तर दिशा में बाबुत्तूसी और दक्षिण दिशा में बाबुलक़िब्ला।

इसके बाद दो अन्य द्वार बनाए गए, जिससे मुख्य द्वारों की संख्या पाँच हो गई। निर्मित नए द्वारों के नाम

बाबे मुस्लिम बिन अकील (अलैहिस्सलाम) और बाबुल फ़रज रखे गए।

छठे द्वार के निर्माण का स्थान

ज़ायरीन और श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास को आसान बनाने के उद्देश्य से, विशेष रूप से लाखों ज़ायरीन वाली ज़ियारतों के अवसर पर, इमाम अली (अ.) के पवित्र रौज़े के प्रशासन ने छठे द्वार के निर्माण का निर्णय लिया।

यह विशाल द्वार पवित्र सहन की पश्चिमी दीवार के उत्तरी भाग में बनाया जाएगा और यह हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) के सहन के सामने स्थित होगा। स्थान, आकार और स्वरूप की दृष्टि से यह सामने स्थित बाबुल फ़रज के जैसा होगा।

इंजीनियरिंग नक्शों के पूर्ण होने के बाद, वर्ष १४४५ हिजरी क़मरी (२०२४ ई.) रमज़ान के महीने में, ईरान की कौसर संस्था ने दारुल-ज़ियाफ़ा को हटाने और निर्माण कार्य आरंभ किया। इस प्रक्रिया में विशेष ध्यान रखा गया कि पवित्र अलवी सहन के मूल इवानों की वास्तुकला को किसी प्रकार की क्षति न पहुँचे।

बाबुस्साअह: पवित्र सहन का सबसे बड़ा प्रवेश द्वार

बाबुस्साअह पवित्र सहन का विशाल पूर्वी द्वार और इसका मुख्य प्रवेश मार्ग माना जाता है। यह द्वार इमाम अली (अ.) के पवित्र रौज़े के स्वर्णिम इवान के ठीक सामने स्थित है। इसको बाबुस्साअह — जो इसका सबसे प्रसिद्ध नाम भी है — इसके ऊपर स्थित घड़ी वाली मीनार की वजह से कहा जाता है।

इस द्वार को बाबे इमाम रज़ा (अलैहिस्सलाम) के नाम से भी जाना जाता है।

सुल्तान नादिर शाह अफ़शार के आदेश से वर्ष ११५६ हिजरी क़मरी (१७४३ ई.) में इमाम अली (अ.) के पवित्र रौज़े की स्वर्ण सज्जा के दौरान बाबुस्साअह के ऊपर भव्य स्वर्ण अलंकरण स्थापित किए गए।

बाबुस्साअह के प्रवेश द्वार के ऊपर स्वर्ण सजावट का वर्णन

यह सजावट सोने की चौड़ी पट्टियों पर आधारित है, जो द्वार के ऊपर लगाई गई थीं। उस पर सूरह फ़त्ह की पवित्र आयत:

﴿إِنَّا فَتَحْنَا لَکَ فَتْحًا مُبِینًا * لِیَغْفِرَلَکَ اللَّهُ مَا تَقَدَّمَ مِنْ ذَنْبِکَ وَمَا تَأَخَّرَ﴾

मुरक्कब सुलेख की थुलुथ शैली में अंकित थी। इस शिलालेख के अंत में सुलेखक «मुहम्मद मुक़ीम» का नाम और लेखन वर्ष (११५६ हि.) लिखा गया है।

इसी प्रकार, द्वार के ऊपर स्थित लकड़ी की खिड़की के चारों ओर सोने की एक मेहराबी पट्टी बनाई गई है, जिसके किनारों पर नस्तालीक़ लिपि में अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की प्रशंसा में एक फ़ारसी क़सीदा लिखा गया है। इस कविता के रचयिता अज्ञात हैं।

इस मेहराब के चारों ओर लालटेन के आकार की आकृतियाँ दिखाई देती हैं, जिनमें:

«یا علی ادرکنی»

(या अली, अदरिकनी) लिखा है।

इस मेहराब के ऊपरी मध्य भाग में एक स्वर्ण पट्टिका स्थापित है, जिस पर:

«یا علی یا مفتح الابواب»

लिखा हुआ है।

इस मेहराब के शीर्ष को एक सुंदर गोलाकार स्वर्ण आकृति से सजाया गया है, जिसके मध्य में पवित्र नाम «الله» अंकित है और उससे १४ स्वर्ण किरणें निकलती हैं; जो चौदह मासूमीन (अलैहिमुस्सलाम) का प्रतीक हैं।

बाबुस्साअह के इवान की सजावट और मरम्मत

बाबुस्साअह के इवान का भीतरी भाग पर एक आयताकार पट्टी के रूप में सुलेख दिखाई देता है, जिसे पवित्र क़ुरआन की आयतों (सूरह नूर की आयत ३६ से ३८) से सजाया गया है। इस शिलालेख के अंत में इसके लेखन का वर्ष ११९८ हिजरी क़मरी और सुलेखक «मुहम्मद रज़ा» का नाम अंकित है।

समय के साथ इस द्वार की बाहरी सजावट, नक़्क़ाशी, शिलालेखों और आंतरिक गलियारे पर कई बार मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य किए गए। इसी कारण कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और ऐतिहासिक लेख नष्ट हो गए।

उदाहरण के रूप में; अतीत में इस शिलालेखीय पट्टी के नीचे, इवान के दोनों ओर ऐसी कर्बलाई टाइलें लगाई गई थीं जिन पर पैग़म्बरे इस्लाम (सल्लल्लाहु अलैहि व आलिहि व सल्लम) की हदीसें और अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के ज्ञानपूर्ण कथन अंकित थे। इन नक़्शों के अंत में इनके निर्माता हाजी अब्दुल हुसैन बहादुर ख़ान का नाम और लेखन वर्ष १२३४ हिजरी क़मरी अंकित था।

लेकिन अब ये लेख मौजूद नहीं हैं। हालिया पुनर्स्थापन में इनके स्थान पर यह लिखा गया:

दाईं ओर की पट्टी के नीचे बने चौकोर भाग में:

«قال الرسول الأکرم (صلی‌الله‌علیه‌وآله)»

(पैग़म्बरे अकरम (सल्लल्लाहु अलैहि व आलिहि) ने फ़रमाया)

और बाईं ओर की पट्टी के नीचे बने चौकोर भाग में:

«علی أخی ومنی وأنا من علی، فهو باب علمی و وصیی»

(अली मेरे भाई हैं और मुझसे हैं तथा मैं अली से हूँ; अतः वे मेरे ज्ञान का द्वार और मेरे उत्तराधिकारी हैं।)

और बाईं ओर वर्ष १४३० हिजरी क़मरी (२००९ ई.) अंकित किया गया।

इसी प्रकार वर्ष १३२७ हिजरी क़मरी (१९०९ ई.) में उस्मानी सुल्तान अब्दुल हमीद द्वितीय ने बाबुस्साअह के इवान की टाइलों के पुनर्निर्माण का कार्य करवाया। इस पुनर्निर्माण की तिथि निम्न वाक्य द्वारा दर्ज की गई:

«بابُ علی لُدْ بأعتابها»

आधुनिक काल में बाबुस्साअह के परिवर्तन

वर्ष १४११ हिजरी क़मरी (१९९१ ई.) के शाबान आंदोलन के दौरान, जब तत्कालीन अत्याचारी सद्दाम के आदेश पर बाथ शासन के भाड़े के सैनिकों ने इमाम अली (अ.) के रौज़े पर क्रूर हमला किया, तो बाबुस्साअह को विभिन्न प्रकार के हथियारों से निशाना बनाया गया और उसे भारी क्षति पहुँची; उन्होंने इस पवित्र स्थान की पवित्रता का ज़रा भी सम्मान नहीं किया।

कुछ महीनों बाद, स्थिति शांत होने पर, टाइलों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्दबाज़ी में मरम्मत की गई। लेकिन सांप्रदायिक और नस्लवादी कारणों से सभी पुराने स्वर्ण अलंकरणों को उखाड़ दिया गया और रौज़े के भंडारों में छोड़ दिया गया।

इसी प्रकार, मूल क़ुरआनी शिलालेख को हटा दिया गया और उसके स्थान पर कर्बलाई टाइलों की एक पट्टी लगाई गई, जिस पर सूरह अहज़ाब की आयत २३ अंकित थी:

مِّنَ الْمُؤْمِنِينَ رِجَالٌ صَدَقُوا مَا عَاهَدُوا اللَّهَ عَلَيْهِ فَمِنْهُم مَّن قَضَىٰ نَحْبَهُ وَمِنْهُم مَّن يَنتَظِرُ وَمَا بَدَّلُوا تَبْدِيلًا

मुख्य सुनहरी किरणाकार पट्टियों के स्थान पर भी एक अष्टकोणीय पट्टी स्थापित की गई, जिस पर «هُوَ العَلی الأعلى» (वह सर्वोच्च और परम महान है) की इबारत अंकित थी।

समय बीतने के साथ-साथ पवित्र रौज़े की वास्तुकला विरासत की देखभाल और संरक्षण के उद्देश्य से तथा इमाम अली (अ.) के रौज़े प्रबंधन के आदेश पर, विशेष रूप से पवित्र रौज़े के मुतवल्ली सय्यद ईसा मुहम्मद सालेह अल-खुरासान के निरंतर प्रयासों से, मूलभूत कार्य किए गए। बाबुस्साअह की शिलालेख पट्टियों का जीर्णोद्धार किया गया और गायब हो चुके हिस्सों—विशेष रूप से किरणाकार पट्टियों—को पवित्र रौज़े  की तज़हीब कार्यशाला के विशेषज्ञ कारीगरों द्वारा पुनर्निर्मित किया गया।

इसी प्रकार, द्वार के ऊपर स्थित लकड़ी की खिड़की, जो बाबुस्साअह के मुकुट का रूप बनाती है, की मरम्मत की गई और उसपर रंगकारी की गई। अंततः उसके ऊपर एक मार्गदर्शक पट्टिका स्थापित की गई, जिसमें इस द्वार के नामों का परिचय दिया गया है।

बाबुस्साअह के पुनर्निर्माण और स्वर्ण-मढ़ाई का कार्य

पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत १४४४ हिजरी क़मरी के रजब महीने के पहले दिन, २०२३ ईस्वी को शुरू हुआ और रिकार्ड टाइम में केवल तीन महीनों के भीतर इसे पूरा कर लिया गया।

इस परियोजना में ईरान की कौसर संस्था के इंजीनियरों ने भी भाग लिया और तांबे की पट्टियों पर २४ कैरेट शुद्ध सोने की परत चढ़ाई। इसके बाद सभी भागों को उनके मूल स्थानों पर पुनः स्थापित कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि स्वर्ण-मढ़ाई के कार्य में प्रयुक्त सोने की मात्रा—जो कई किलोग्राम थी—उस्ताद हैदर फलाह अश-शम्माअ द्वारा अपने मौला, अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम), के प्रति प्रेम और श्रद्धा की भावना से दान की गई थी। अल्लाह उन्हें बेहतरीन इनआम अता करे।

उन महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक, जिसे रौज़े का इतिहास स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करेगा, वह भव्य समारोह था जो बाबुस्साअह के सामने वाले सहन में आयोजित किया गया। इस समारोह में हौज़ा-ए-इल्मिया के व्यक्तित्वों, सांस्कृतिक हस्तियों और आम लोगों के एक समूह ने भाग लिया।

शनिवार, ८ शव्वाल १४४४ हिजरी क़मरी, जो २९ अप्रैल २०२३ ईस्वी के अनुरूप था, इस स्वर्ण-मंडित द्वार से पर्दा हटाया गया। यह समारोह अहले-बैत के शिया समुदाय के लिए एक दुखद घटना की याद के साथ आयोजित हुआ; वह घटना जिसे घटित हुए एक शताब्दी बीत चुकी है, और वह है मदीना के ऐतिहासिक कब्रिस्तान बक़ीअ में मासूम इमामों (अलैहिमुस्सलाम) की पवित्र कब्रों का विध्वंस। इस दिन बाबुस्साअह नए वैभव और सुंदर आभा के साथ प्रकट हुआ।

उन लोगों में से जिन्होंने बाबुस्साअह के पुनर्निर्माण के वर्ष को कविता के रूप में स्मृति में सुरक्षित किया, हज़रत अब्बास (अ.) के पवित्र रौज़े के कवि उस्ताद अली सफ़्फ़ार भी थे। उन्होंने अपनी कविता में इस पवित्र द्वार को उच्च प्रतिष्ठा वाले नाम «बाबुल-इमाम अल-रज़ा» के रूप में संबोधित किया है।

बाबुत्तूसी: शैख़ तूस़ी के मज़ार के निकट स्थित प्रवेश द्वार

बाबुत्तूसी पवित्र अलवी सहन की उत्तरी दीवार की ओर स्थित है और इसके नामकरण का कारण यह है कि यह द्वार शैख़ तूस़ी के मज़ार के निकट स्थित है। उल्लेखनीय है कि विशाल उत्तरी इवान (इवाने यज़्दी), जो अपनी बाईं ओर से मस्जिद इमरान बिन शाहीन तक जाता है, वास्तव में सफ़वी काल की मूल वास्तुकला योजना में उसी बाबुत्तूसी का प्रतिनिधित्व करता है।

इस भाग का मूल द्वार पिछले समयों में बंद कर दिया गया और उसके बगल में एक नया द्वार बनाया गया, जो वर्तमान बाबुत्तूसी है। इस परिवर्तन को करने वाले व्यक्ति का उद्देश्य था कि नया द्वार पवित्र सहन के उत्तरी भाग के इवानों के मध्य में स्थित हो। यही परिवर्तन सहन के दक्षिणी भाग में बाबुल-क़िब्ला के संबंध में भी किया गया। लेकिन इन परिवर्तनों ने पवित्र रौज़े की मूल और भव्य वास्तुकला को क्षति पहुँचाई।

दरवाज़ों के इस स्थानांतरण के संबंध में कोई पक्की तिथि उपलब्ध नहीं है, लेकिन अध्ययन और शोध के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि यह परिवर्तन संभवतः अफ़शारी शासन के अंत के बाद हुआ होगा। दूसरी ओर, पवित्र अलवी सहन के नए द्वारों के निर्माण का आरंभ तेरहवीं हिजरी शताब्दी के दूसरे भाग में हुआ।

बाबुत्तूसी का पुराना नाम

यह द्वार अतीत में बाबुल-उला के नाम से जाना जाता था; क्योंकि इसी नाम का एक छोटा-सा क्षेत्र, जो बड़े मशराक़ मुहल्ले का हिस्सा माना जाता था, इमाम अली (अ.) की मज़ार और शैख़ तूसी मस्जिद के बीच फैला हुआ था। इस द्वार के बारे में जो तिधि लिखी गई है उसके अनुसार इस दरवाज़े का उद्घाटन वर्ष १३१८ हिजरी क़मरी में विद्वान शैख़ अब्दुल हुसैन हुवैज़ी इब्राहीमी द्वारा किया गया है।

प्रवेश द्वार के विस्तार और पुराने छोटे द्वार के पुनर्निर्माण का कार्य वर्ष १३६९ हिजरी क़मरी (१९४९ ईस्वी) में, पवित्र सहन के चारों ओर सड़क के निर्माण के बाद आरंभ हुआ। यह कार्य राजशाही काल के वक़्फ़ प्रबंधन के खर्च से और उस्ताद हाज सईद मिम्मार की निगरानी में किया गया।

निर्माण कार्य वर्ष १३७२ हिजरी क़मरी (१९५३ ईस्वी) में पूरा हुआ और २ मई १९५३ ईस्वी को आधिकारिक समारोह में, फ़ैसल द्वितीय के इराक़ के राजा के रूप में राज्याभिषेक समारोह के साथ इसका उद्घाटन किया गया।

कवि और वक्ता मुहम्मद अली याक़ूबी की रचना के दो शेर लकड़ी के द्वार के ठीक ऊपरी भाग में कर्बलाई टाइलों पर लिखे गए और द्वार के पुनर्निर्माण वर्ष की स्मृति के रूप में अंकित किए गए।

इसी अवसर पर कवि सय्यद मुहम्मद हुसैन हिल्ली की एक अन्य ऐतिहासिक कविता, जिसकी तिथि १३७३ हिजरी क़मरी थी, द्वार की बाईं ओर की साइड की दीवार के निचले भाग में लिखी गई।

उद्घाटन समारोह के एक वर्ष बाद, टाइल लगाने और भवन की सतह को काशानी टाइलों से ढकने का कार्य पूरा हुआ। इस घटना को एक लिखित अभिलेख के माध्यम से दर्ज किया गया, जिसे द्वार की दाईं बाहरी दीवार के मध्य भाग में स्थापित किया गया।

उस पर लिखा है:

«रौज़ा-ए-हैदरीया के सादन (व्यवस्था एवं देखरेख करने वाले) सय्यद अब्बास के समय में इसका नवीनीकरण किया गया, १३७४ हिजरी क़मरी»

उसी दीवार के बाईं ओर भी यह लिखा गया:

«सय्यद मुहम्मद हसन और सय्यद जवाद रफ़ीई क़लीदार, १९५४ ईस्वी»

बाबुल-क़िब्ला: काबा की ओर मुख वाला प्रवेश द्वार

यह द्वार पवित्र सहन की दक्षिणी दीवार की दिशा में स्थित है और इसका नाम इस कारण रखा गया है कि यह पवित्र काबा की ओर मुख किए हुए है। आज जिस स्थान को विशाल दक्षिणी इवान (इवाने हब्बूबी) के नाम से जाना जाता है, वह सफ़वी मूल वास्तुकला योजना में वास्तव में बाबुल-क़िब्ला ही था। लेकिन बाद के कालों में उस द्वार को बंद कर दिया गया और वर्तमान द्वार, जो दक्षिणी दीवार के मध्य में स्थित है, बनाया गया।

इस द्वार का इतिहास में कई बार पुनर्निर्माण और मरम्मत की गई है। इसका अंतिम महत्वपूर्ण पुनर्निर्माण उस्मानी शासक शिब्ली पाशा द्वारा वर्ष १२९१ हिजरी क़मरी (१८७४ ईस्वी) में, तथा रौज़ा-ए-हैदरीया के सादन (देखरेख करने वाले) सय्यद जवाद रफ़ीई के प्रयासों से किया गया।

शैख़ मुहम्मद हुसैन हर्ज़ुद्दीन ने अपनी पुस्तक में, अपने दादा महान शोधकर्ता शैख़ मुहम्मद हर्ज़ुद्दीन द्वारा लिखित पांडुलिपि अन्नवादिर (४४/७) के हवाले से लिखा है:

«यह द्वार अतीत में छोटा था और अशरसी खजूर के वृक्षों के तनों से बनाया गया था। मंत्री शिब्ली पाशा ने वर्ष १२९१ हिजरी क़मरी में एक नया द्वार बनाया और उस समय से वर्ष १३४० हिजरी क़मरी तक यह दृढ़ और स्थिर बना रहा।»

इसी प्रकार प्रसिद्ध कवि और साहित्यकार शैख़ अहमद क़फ़्तान ने अपनी काव्य-संग्रह में उस्मानी मंत्री द्वारा इस द्वार के पुनर्निर्माण की तिथि का उल्लेख किया है। यह तिथि पवित्र सहन की ओर स्थित द्वार के बाहरी भाग पर टाइलों में अंकित की गई।

बाबुल-क़िब्ला के पुनर्निर्माणों का इतिहास

बाबुल-क़िब्ला के इवान की दीवारों पर कर्बलाई टाइलों में अंकित ऐतिहासिक लेख दर्शाते हैं कि समय के साथ, पवित्र क़ुरआन की आयतों और पवित्र हदीसों वाले शिलालेख पट्टों के कुछ भागों का वर्ष १३३३ हिजरी क़मरी, १३८० हिजरी क़मरी और १३८२ हिजरी क़मरी में पुनर्निर्माण किया गया।

स्रोत
पुस्तक «तारीख़ अल-मरक़द अल-अलवी अल-मुतहर» से उद्धृत

इस श्रृंखला के पिछले भाग में [पवित्र अलवी सहन की सामान्य संरचना और ज्यामितीय आकार] का अध्ययन किया गया है।

 

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *