Most searched:

आधुनिक दौर में पवित्र अलवी सहन का पुनर्निर्माण और विस्तार

आधुनिक समय में पवित्र अलवी सहन में ज़ायरीन की सुविधा के लिए कई निर्माण और सेवा परियोजनाएँ शुरू की गईं। इनमें पीने के पानी की व्यवस्था, सेवा सुरंग का निर्माण, खराब हिस्सों की मरम्मत, हवा के बेहतर इंतज़ाम और बड़े छायादार शेड लगाना शामिल है।

इमाम अली (अ.) के रौज़े में पीने के पानी की व्यवस्था

ज़ायरीन को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए दानदाताओं की ओर से सहन के अलग-अलग हिस्सों में 5 टन क्षमता वाले चार बड़े वाटर कूलर लगाए गए। कुछ समय बाद, पवित्र रौज़े के मुतवल्ली द्वारा जल शुद्धिकरण, कीटाणुशोधन और शीतलीकरण की एक व्यापक परियोजना स्थापित की जिसके बाद पुराने बड़े कूलरों की ज़रूरत नहीं रही।

यह परियोजना पेयजल के स्वास्थ्य मानकों और गुणवत्ता के आधार पर लागू की गई, ताकि रौज़े के लिए जल आपूर्ति में आत्मनिर्भरता प्राप्त की जा सके। पेयजल सहन की सेवा सुरंग के माध्यम से चारों कोनों में स्थित चार निकास बिंदुओं तक पहुँचाया जाता है। यह व्यवस्था 26 रजब 1430 हिजरी यानी 2009 ईस्वी में पैग़म्बर मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व आलिहि) की बेअसत की रात के अवसर पर शुरू की गई।

1431 हिजरी क़मरी (2011 ई.) में पवित्र अलवी रौज़े के तकनीकी कर्मचारियों ने सहन में संगमरमर के जलपात्र स्थापित किए। इनका आकार फूलदान जैसा है और हर एक में पानी के तीन निकास हैं। इनकी कुल संख्या 22 है और इन्हें इवानों के बीच में लगाया गया। इसके बाद पानी पिलाने के लिए पहले उपयोग किए जाने वाले प्लास्टिक के टैंक हटा दिए गए। संगमरमर के यह जलपात्र तुर्की में रहने वाले एक इराक़ी व्यक्ति की तरफ़ से इमाम अली (अ.) के पवित्र रौज़े को भेंट किए थे, जो संगमरमर की खान के मालिक थे।

शरीफ़ अलवी सहन की सेवा सुरंग परियोजना

सहन की सेवा सुरंग का काम ज़िलहिज्जा 1428 हिजरी यानी 2007 ईस्वी में शुरू हुआ। यह सुरंग पूरे सहन के नीचे बनी हुई है और इसकी चौड़ाई 70 सेंटीमीटर है। इस सुरंग के ज़रिए पानी, बिजली, संचार व्यवस्था और सहन के कुओं तक पानी पहुँचाने का काम किया जाता है।

इंजीनियरिंग अध्ययन के बाद भार को ध्यान में रखते हुए उपयोग किए जाने वाले संगमरमर के प्रकार के अनुरूप उचित मोटाई की मजबूत कंक्रीट परत डाली गई। इसके बाद 5 सेंटीमीटर मोटे नए संगमरमर लगाने का काम रबीउल आखिर 1429 हिजरी यानी 2008 ईस्वी में शुरू हुआ और सफ़र 1430 हिजरी यानी 2009 ईस्वी में पूरा हुआ।

उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का खर्च नजफ़ अशरफ़ प्रांत की निर्माण और विकास संस्था तथा शिया वक़्फ़ दीवान (बोर्ड) ने उठाया। इसकी लागत लगभग 2.5 अरब इराक़ी दीनार थी। इस परियोजना को ठेकेदारों के एक समूह द्वारा पवित्र रौज़े के तकनीकी कर्मचारियों की इंजीनियरिंग निगरानी में पूरा किया गया।

शरीफ़ अलवी सहन के कमरों और संबंधित भागों का पुनर्निर्माण एवं सुधार

पिछले शासन के समय अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के रौज़े और दूसरे पवित्र स्थलों की जानबूझकर अनदेखी की गई। इस स्थिति ने हरम की ऐतिहासिक वास्तुकला को व्यापक क्षति पहुँचाई। इन क्षतियों में नींव (फाउंडेशन), दीवारों और छतों में दरारें शामिल थीं; ये समस्याएँ देखभाल के अभाव, नमी में वृद्धि और वर्षा जल निकासी मार्गों (मीज़ाबों) के अवरुद्ध होने के कारण उत्पन्न हुईं। इसके अतिरिक्त, «अरज़ा» नामक कीट का प्रकोप फैल गया, जिससे अत्तबा की अधिकांश ऐतिहासिक संरचनाएँ क्षरण और गिरावट के खतरे में आ गईं।

1426 हिजरी यानी 2005 ईस्वी से पवित्र अलवी रौज़े के प्रबंधन ने अपने तकनीकी और इंजीनियरिंग कर्मचारियों की मदद से इन खराब हिस्सों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम शुरू किया। यह काम कई वर्षों तक जारी रहा।

शुरुआती सफ़ाई और तैयारी

सहन के कमरों की मरम्मत से पहले पवित्र अलवी रौज़े के कर्मचारियों ने वहाँ जमा पक्षियों और चमगादड़ों की गंदगी, कचरा और मलबा हटाया। इसके बाद दीवारों और छतों में मौजूद दरारों और क्षतियों की मरम्मत की गई। जो छतें बहुत ज़्यादा खराब हो चुकी थीं और उनकी मरम्मत संभव नहीं थी, उन्हें तोड़कर दोबारा बनाया गया। पुराने फ़र्श भी हटा दिए गए।

जमादिल अव्वल 1427 हिजरी यानी 2006 ईस्वी में सहन का पुराना फ़र्श हटाया गया और उसे दोबारा ईंटों से बनाया गया। उसी समय बारिश का पानी निकालने वाले रास्तों (मीज़ाब) की भी मरम्मत की गई और «अरज़ा» (दीमक) से बचाव का व्यापक काम किया गया।

ऊपरी मंज़िल के कमरों की मरम्मत

ऊपरी मंज़िल के कमरों की अंतिम मरम्मत के दौरान दीवारों पर प्लास्टर किया गया और «बोरक» की विशेष परत चढ़ाई गई। फ़र्श को ठीक किया गया, बिजली की व्यवस्था और एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाए गए। दरवाज़ों की मरम्मत की गई और पुरानी खिड़कियों की जगह अच्छी सागौन लकड़ी की नई खिड़कियाँ लगाई गईं। हालांकि नई खिड़कियों का डिज़ाइन पुराने जैसा ही रखा गया।

ज़िलक़ादा 1427 हिजरी यानी 2006 ईस्वी में ऊपरी मंज़िल के इवानों में लगी संगमरमर की पुरानी 48 रेलिंग हटा दी गईं। उनकी जगह सागौन की लकड़ी की नई रेलिंग लगाई गईं, जिनके बीच सुनहरे रंग के एल्युमिनियम के टुकड़े लगाए गए थे।

भूतल के कमरों का मरम्मत

पवित्र अलवी रौज़े के भूतल के कमरों के पुनर्निर्माण और मरम्मत में भी वही तरीका अपनाया गया। लेकिन यहाँ फ़र्श पर हरे रंग का ओनिक्स संगमरमर लगाया गया। दीवारों पर भी ज़मीन से 2.10 मीटर की ऊँचाई तक यही संगमरमर लगाया गया। छतों को शीशे और आईने की सजावट से सुंदर बनाया गया। दरवाज़ों की मरम्मत की गई और खिड़कियाँ बदली गईं।

जमादी अल-अव्वल 1429 हिजरी यानी 2008 ईस्वी में इन कमरों के इवानों के फ़र्श और दीवारों पर 3 सेंटीमीटर मोटा तासोस संगमरमर लगाने का काम शुरू हुआ। इन कमरों की मरम्मत 1430 हिजरी यानी 2009 ईस्वी में पूरी हुई।

1433 हिजरी यानी 2012 ईस्वी में पवित्र अलवी रौज़े के विशेषज्ञों ने सभी वेंटिलेशन छिद्रों और हवा आने जाने वाले मार्गों (बादगीरों) की मरम्मत की। ये मार्ग भूतल और ऊपरी मंज़िल के कमरों से होते हुए छत तक फैले हुए हैं। इनका काम कमरों में प्राकृतिक हवा पहुँचाना और नमी कम करना है।

शरीफ़ अलवी सहन के छायादार ढाँचे

1430 हिजरी यानी 2009 ईस्वी में पवित्र अलवी रौज़े के प्रबंधन और जर्मन कंपनी “राश” के बीच एक समझौता हुआ। समझौते के अनुसार नजफ़ अशरफ़ की स्थानीय सरकार के आर्थिक सहयोग से सहन में आठ बड़े छायादार शेड लगाने की योजना बनाई गई। इनमें चार शेड सहन के उत्तरी हिस्से और चार दक्षिणी हिस्से में लगाए गए। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार की परियोजनाओं में विशेषज्ञ यह वही कंपनी है जिसने इससे पहले मस्जिद-ए-नबवी के बड़े छायादार शेड भी बनाए थे।

ये छायादार ढाँचे खुलने पर चौकोर आकार के हो जाते हैं और हाइड्रोलिक तकनीक से संचालित होते हैं। प्रत्येक में आठ चलायमान धातु के बाज़ू होते हैं, जिन्हें दूर से नियंत्रित किया जाता है। इन छायादार ढाँचों में प्रयुक्त कपड़े की विशेषता यह है कि यह अग्निरोधी है और इसके ऊपर ऐसी डिज़ाइन बनाई गई हैं जो सहन की दीवारों की सजावट से मेल खाती हैं, ताकि पवित्र स्थान की सुंदरता और सम्मान बना रहे।

सहन की ज़मीन में मुख्य खंभों के लिए खुदाई पूरी होने के बाद, 1435 हिजरी यानी 2014 ईस्वी में पवित्र अलवी रौज़े के इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों ने इनके लिए कंक्रीट की मजबूत नींव तैयार की।

इसके बाद सोमवार, 28 रजब 1436 हिजरी क़मरी (18 मई 2015 ई.) को सहन के उत्तरी भाग में इनमें से एक छायादार ढाँचे का पहला स्तंभ जर्मन कंपनी के इंजीनियरों की प्रत्यक्ष निगरानी में स्थापित किया गया। इसके बाद छायादार ढाँचों के बाज़ू और कपड़े एक के बाद एक लगाए गए और उन्हें संचालित किया गया। इस परियोजना के अंतिम चरण में छायादार ढाँचों से संबंधित सभी सहायक सुविधाओं, जिनमें उनकी विशेष प्रकाश व्यवस्था भी शामिल थी, को पूरा किया गया।

कवि मुहम्मद अली ज़ुहैरी ने भी 1436 हिजरी क़मरी में इन छायादार ढाँचों की स्थापना को कविता के रूप में प्रस्तुत किया।

स्रोत
«तारीख़ अल-मरक़द अल-अलवी अल-मुतहर» पुस्तक से उद्धृत

इस लेख श्रंखला के पिछले भाग में पवित्र अलवी शरीफ़ सहन के फ़र्श के ऐतिहासिक परिवर्तन और पुनर्निर्माण के चरण की समीक्षा की गई है।

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *