Most searched:

آشنایی با «مسجد الرأس» در حرم مطهر امیرالمؤمنین (علیه‌السلام)

पवित्र अलवी रौज़े की ऐतिहासिक मस्जिदे रास का परिचय

«मस्जिदे रास» पवित्र अलवी रौज़े की प्रसिद्ध ऐतिहासिक इमारतों में से एक है। अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के मुबारक सिर की बनाए जाने के कारण यह मस्जिद इस नाम से प्रसिद्ध हुई।

अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के पवित्र रौज़े की सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों का परिचय देने वाली रिपोर्टों की इस श्रृंखला में हम ‘मस्जिदे रास’ के बारे में जानेंगे। इस रिपोर्ट में मस्जिद के नामकरण, इसके निर्माण के इतिहास और सदियों के दौरान इसमें हुए बदलावों तथा पुनर्निर्माण कार्यों पर प्रकाश डाला गया है।

यह मस्जिद अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के पवित्र सहन के पश्चिमी हिस्से में स्थित है। इसका नाम ‘मस्जिदे रास’ इसलिए पड़ा, क्योंकि यह अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) की पवित्र क़ब्र के सिरहाने की ओर बनाई गई है।

मस्जिदे रास का इतिहास

मस्जिदे रास के निर्माण का इतिहास इलख़ानी शासनकाल से जुड़ा हुआ है। शेख़ मुहम्मद हिर्ज़ुद्दीन के अनुसार, इस मस्जिद का निर्माण ग़ाज़ान बिन हलाकू ख़ान ने करवाया था, जिनका निधन 703 हिजरी में हुआ। बताया जाता है कि मस्जिद के निर्माण में पूरा एक वर्ष लगा था। इस दौरान ग़ाज़ान ख़ान ने नजफ़ और मस्जिद-ए-हनाना के बीच स्थित ‘अस-सुवैय्या’ इलाक़े में अपने तंबू लगाए थे।

हालाँकि इतिहासकार बुराक़ी ने इस मस्जिद के निर्माण का श्रेय सफ़वी शासक शाह अब्बास प्रथम को दिया है। मस्जिदे रास की वर्तमान इमारत का कई बार पुनर्निर्माण किया गया है। शाह अब्बास प्रथम के शासनकाल में इसकी मरम्मत और पुनर्निर्माण हुआ। इसके बाद नादिर शाह के दौर में भी इसका पुनर्निर्माण कराया गया।

शैख़ जाफ़र महबूबा अपनी किताब «माज़ी अन-नजफ़ व हाज़िरुहा» में मस्जिद की पुरानी इमारत और मीनाकारी की टाइलों तथा क़ीमती धातुओं से बने उसके मेहराब का वर्णन करते हुए लिखते हैं: «इस मस्जिद में काफ़ी विस्तृत जगह है। इसमें कई बड़े स्तंभ हैं और इसे मज़बूती से बनाया गया है। इसका दरवाज़ा अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के पवित्र सहन में, बड़े इवान में एक मेहराबी छत के नीचे स्थित है। यही मेहराबी छत को «साबात» कहा जाता है। यह दरवाज़ा अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के सिरहाने की ओर स्थित रिवाक़ के सामने है। इसके अलावा, इस मस्जिद से बेकताशियों की तकिया तक जाने का रास्ता भी है। यह मस्जिद पुरानी है। बड़े पत्थरों से सजी इसकी दीवारों से पता चलता है कि इसे अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के पवित्र रौज़े के निर्माण के समय ही बनाया गया था।»

इतिहासकार बराक़ी ने मस्जिद के निर्माण को शाह अब्बास प्रथम से जोड़ा है। नजफ़ अशरफ़ के स्थानीय लोगों के बीच भी यही बात प्रसिद्ध रही है। मस्जिद के एक मेहराब में एक पत्थर मौजूद है, जिस पर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में कुछ लिखा हुआ है। कुछ लोग उन अक्षरों को तिलिस्मी निशान मानते हैं।

ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, 1156 हिजरी में इस मस्जिद का पुनर्निर्माण किया गया। फ़ारसी इतिहासकार ने अपनी पुस्तक ‘तारीख़-ए-नादिरी’ के पृष्ठ 237 पर इस पुनर्निर्माण का उल्लेख किया है। उनके अनुसार, इस दौरान मस्जिद के गुंबद और दोनों मीनारों पर सोने की परत चढ़ाई गई थी।

इस किताब में लिखा है: «शाह सुल्तान हुसैन की बेटी रज़िया सुल्तान, जो नादिर शाह की पत्नी थीं, ने अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के मुबारक सिर के पास स्थित जामा मस्जिद के निर्माण पर 20 हज़ार नादिरी ख़र्च किए।»

यह भी कहा जाता है कि अल्लामा सैयद बहरुल उलूम के दौर में उनके निर्देश पर इस मस्जिद का दूसरी बार पुनर्निर्माण और नवीनीकरण किया गया। वे अपने कुछ निकटवर्ती लोगों से कहते थे, «यह मस्जिद उस स्थान पर बनी है, जहाँ इमाम हुसैन (अलैहिस्सलाम) का पवित्र सिर रखा गया था। इसी वजह से यहाँ मस्जिद बनाई गई है।»

सुल्तान अब्दुल हमीद उस्मानी ने भी 1306 हिजरी में इस मस्जिद की मरम्मत कराई, इसकी दीवारों पर सोने का काम कराया और वहाँ संगमरमर का एक मिंबर रखा। मस्जिद के बाहरी हिस्से में दाईं ओर, बाब-ए-फ़रज की तरफ़ स्थित दरवाज़े के ऊपर संगमरमर का एक पत्थर लगाया गया था। इस पत्थर पर दो शेर लिखे गए थे, जिनमें मस्जिद के पुनर्निर्माण की तारीख़ दर्ज थी। यह तारीख़ 18 ज़िलहिज्जा, 1306 हिजरी थी।

इस दौर में केवल नजफ़ के उस्मानी लोग इस मस्जिद में जुमे की नमाज़ जमाअत से अदा करते थे और ईदुल फ़ित्र व ईदुल अज़हा की नमाज़ें भी यहीं अदा करते थे। इइसी वजह से उस समय कुछ अवधि के लिए यह मस्जिद ‘अहले सुन्नत की मस्जिद’ के नाम से प्रसिद्ध हो गई थी।

उस्मानी शासन समाप्त होने के बाद मस्जिदे रास बंद हो गई। काफ़ी समय तक इसके दरवाज़े बंद रहे। बाद में मस्जिद को दोबारा खोला गया और प्रसिद्ध शिया आलिम अल्लामा नाइनी ने यहाँ नमाज़ अदा की।

इस मस्जिद में जमाअत की नमाज़ की इमामत करने वाले अन्य उलेमा में «आयतुल्लाह सैयद जमालुद्दीन हाशिमी» और उनके बेटे व पोते भी थे।

आधुनिक दौर में भी यह मस्जिद धार्मिक शिक्षा का केंद्र रही है। यहाँ हौज़ा-ए-इल्मिया की कक्षाएँ आयोजित करने वाले प्रमुख विद्वानों में «आयतुल्लाह सैयद मोहसिन तबातबाई हकीम» और «शहीद सैयद मोहम्मद मोहम्मद सादिक़ सद्र» शामिल थे।

समय बीतने के साथ मस्जिद के कुछ स्तंभ क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। इसके बाद इराक़ी सरकार ने मस्जिद के पुनर्निर्माण और उसके बुनियादी ढाँचे को मज़बूत बनाने का फ़ैसला किया।

 

मस्जिदे रास से जुड़े विचारों की समीक्षा

पवित्र अलवी रौज़े के प्रबंधन बोर्ड के सदस्य, इतिहासकार और ऐतिहासिक मामलों के विशेषज्ञ अब्दुल हादी इब्राहीमी ने मस्जिदे रास के नामकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वह कहते हैं:

यह मस्जिद अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के पवित्र ज़रीह के पश्चिमी हिस्से में स्थित है। इसका मतलब है कि यह उनकी पवित्र क़ब्र के सिरहाने की दिशा में है। इसी कारण इसका नाम ‘मस्जिदे रास’ रखा गया। हालाँकि यह इसके नामकरण के बारे में मौजूद मान्यताओं में से केवल एक है।

हालांकि अहले बैत (अलैहिमुस्सलाम) की रिवायतों के आधार पर एक दूसरी मान्यता भी मौजूद है। इस मान्यता के अनुसार, मस्जिद-ए-रास उस स्थान पर बनाई गई है, जहाँ इमाम हुसैन (अलैहिस्सलाम) का पवित्र सिर रखा गया था। इस विषय से संबंधित रिवायतें इमाम मुहम्मद बाक़िर (अलैहिस्सलाम) और इमाम जाफ़र सादिक़ (अलैहिस्सलाम) से बयान की गई हैं। इनका उल्लेख शिया हदीस की पुरानी पुस्तकों में मिलता है। इनमें अल्लामा कुलैनी की ‘उसूल-ए-काफ़ी’ और इब्ने क़ूलवैह क़ुम्मी की ‘कामिलुज़ ज़ियारात’ प्रमुख हैं।

अली बिन अस्बात से, इमाम सादिक़ (अलैहिस्सलाम) के हवाले से रिवायत है: «अगर तुम ग़री आओ और एक बड़ी क़ब्र और एक छोटी क़ब्र देखो, तो बड़ी क़ब्र अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की मज़ार है और छोटी क़ब्र हुसैन बिन अली (अलैहिस्सलाम) का मुबारक सिर है।»

एक और रिवायत भी है, जो बताती है कि सिर इस जगह कैसे पहुँचा और उसे यहाँ क्यों दफ़नाया गया। यह रिवायत भी इमाम सादिक़ (अलैहिस्सलाम) से है: «जब उनका सिर शाम ले जाया गया, तो हमसे जुड़े एक ग़ुलाम ने उसे चुरा लिया और अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की पवित्र मज़ार के पास दफ़ना दिया।» ऐसा लगता है कि यह दफ़न अस्थायी था, स्थायी नहीं।

सफ़वान अल-जम्माल से भी एक रिवायत है कि जब वे अपने दोस्तों के साथ अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की ज़ियारत के लिए गए, तो उन्होंने इस जगह की ओर इशारा करके कहा: «इमाम सादिक़ (अलैहिस्सलाम) की हिदायत है कि सैयदुश्शुहदा के लिए ज़ियारत-ए-आशूरा और दुआ इसी जगह की जाए।»

यह सवाल उठता है कि क्या इन दो रिवायतों में कोई विरोध है? ख़बरों और रिवायतों के अनुसार, इमाम ज़ैनुल आबिदीन (अलैहिस्सलाम) शहीदों के सिर शाम से कर्बला लाए और उन्हें उनके मुबारक शरीरों से मिला दिया। ऐसा लगता है कि यह चोरी कर्बला से बंदियों के काफ़िले के आने और रात में मस्जिद-ए-हनाना में उनके ठहरने के दौरान हुई थी। इसके बाद सिरों को कूफ़ा ले जाया गया। सैयदुश्शुहदा (अलैहिस्सलाम) का मुबारक सिर कूफ़ा के क़स्र अल-इमारा में उबैदुल्लाह बिन ज़ियाद के सामने एक तश्त में रखा गया। फिर मुबारक सिरों को बंदियों के काफ़िले के साथ ले जाया गया और उनमें सबसे आगे सैयदुश्शुहदा (अलैहिस्सलाम) का मुबारक सिर था।

इसके अलावा, कई प्रसिद्ध रिवायतें हैं जो बार-बार बयान की गई हैं। उनके अनुसार, जब इमाम हुसैन (अ.) का मुबारक सिर यज़ीद के सामने रखा गया, तो उनकी बेटी हज़रत रुक़य्या बिन्तुल हुसैन (सलामुल्लाह अलैहा) ने अपने पिता का सिर गोद में लिया और सिर पर सर रखे हुए ही शहीद हो गईं। इस तरह मुबारक सिर शाम भी ले जाया गया था।

प्रसिद्ध मरजा सैयद मुहम्मद महदी बहरुल उलूम जिनका निधन 1212 हिजरी में हुआ उन लोगों में से थे जिन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया है। वह कहते हैं: «यह मस्जिद सैयदुश्शोहदा इमाम हुसैन (अलैहिस्सलाम) के पवित्र सिर के स्थान पर और उसी की याद में बनाई गई है।»

मुहम्मद हसन जवाहिरी अपनी किताब «जवाहिर अल-कलाम» में लिखते हैं: «संभव है कि इन रिवायतों में कोई विरोध न हो, क्योंकि हो सकता है कि सैयदुश्शुहदा का मुबारक सिर कुछ समय के लिए यहाँ दफ़न किया गया हो और फिर कर्बला ले जाया गया हो। जहाँ उसे दफ़न किया गया था, उस स्थान पर नमाज़ पढ़ने और ज़ियारत करने में कोई आपत्ति नहीं है।»

शैख़ मुहम्मद हिर्ज़ुद्दीन किताब «मआरिफ़ अल-रिजाल» में मिर्ज़ा हादी ख़ुरासानी के हवाले से रिवायत करते हैं। मिर्ज़ा हादी ख़ुरासानी, सैयद दाऊद रफ़ीई के हवाले से और वे अपने पूर्वजों के हवाले से बयान करते हैं: «क़िबले की दीवार, यानी इसी दीवार में, मेहराब और दक्षिणी ओर सबात के प्रवेश द्वार के बीच, एक क़ीमती फ़ौलादी ज़रीह के भीतर एक गड्ढा है। उस पर हरे रंग का कपड़ा है और उस गड्ढे की जगह को इमाम हुसैन (अलैहिस्सलाम) के मुबारक सिर के स्थान के रूप में जाना जाता है। हालांकि बाद में उस स्थान को हटा दिया गया।»

फ़िलहाल यह मस्जिद हज़रत अबू तालिब के रिवाक़ का हिस्सा है। वहाँ से एक सुनहरे दरवाज़े के ज़रिए अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की पवित्र ज़रीह तक पहुँचा जा सकता है।

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *