Most searched:

تاریخچۀ هدایا و پرده‌های ضریح

पवित्र अलवी ज़रीह के उपहारों और पर्दों का इतिहास

अलवी रौज़े की ज़रीह को भेंट किए गए पर्दों को इतिहास के अलग अलग दौर में कुशल कारीगरों ने कला और बारीकी के साथ तैयार किए हैं। सुंदर नक़्शों, उम्दा कपड़ों, बारीक कढ़ाई, धार्मिक इबारतों और प्रतीकात्मक रंगों ने इन पर्दों को मनमोहक रूप दिया है।
ये कलात्मक कृतियाँ ज़रीह के अनुरूप बनाई गई हैं। सुंदरता के साथ-साथ ये ज़ायरीन की रूहानी ज़रूरतों से गहरा जुड़ाव भी बनाती हैं।

पवित्र क़ब्र के संदूक पर पर्दा डालने की पुरानी परंपरा

पुराने समय से अलवी ज़रीह के संदूक पर पर्दा नाम का आवरण चढ़ाने की परंपरा रही है। पवित्र अलवी रौज़े के ख़ज़ाने में आज भी कई कीमती पर्दे सुरक्षित हैं, जिन्हें अलग-अलग समय में अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की ज़रीह के लिए भेंट किया गया था। इन पर्दों को बनाने वाले कारीगरों ने कोशिश की कि वे कीमत और कला, दोनों ही लिहाज़ से इतने खास और कीमती हों कि पवित्र ज़रीह के योग्य माने जाएँ।

अलवी ख़ज़ाने में सुरक्षित मशहूर पर्दों में से एक संदूक के लिए बना क़ीमती किस्वा (ज़रीह का आवरण) है। कहा जाता है कि यह सुल्तान अज़ुदुद्दौला आले बुवैह ने भेंट किया था।

शैख़ अली शर्क़ी (निधन 1384 हिजरी) अपनी टिप्पणियों में लिखते हैं:

«संदूक, ज़रीह और उसके आसपास के हिस्सों के लिए अलग-अलग तरह के कवर मौजूद रहे हैं। मैंने एक ऐतिहासिक कवर देखा था, जो मोतियों से सजा हुआ था और उन्हें सोने और चाँदी की तारों से सिला गया था। कहा जाता था कि यह बुवैही दौर का है। मैंने इसे उस समय देखा जब अहमद शाह क़ाजार ज़ियारत के लिए आए थे और अंग्रेज़ हाकिम ने पवित्र अलवी हरम की कीमती चीज़ों की सुरक्षा का आदेश दिया था। ख़ज़ाने के प्रभारी शाह को कोई भेंट देना चाहते थे इसलिए नजफ़ के कारीगरों ने, जो इस काम के लिए मशहूर थे, एक मक़सबा अबा (ख़ास तरह से सिली हुई अबा) तैयार की। मुझसे कहा गया कि उस अबा पर सोने की पट्टियों से एक शेर लिखा जाए, जिसका एक मिसरा एक तरफ़ और दूसरा दूसरी तरफ़ हो। यह शर्त भी रखी गई कि मैं उस दल में शामिल रहूँगा जो शाह के साथ हरम में जाएगा, क्योंकि दूसरे लोगों का प्रवेश बंद था। मैंने यह शर्त मान ली।”»

 

आले बुवैह के बादशाह की खास भेंट

पुरातत्त्व विशेषज्ञ डॉ. सुआद माहिर कहती हैं: «इन उपहारों और वस्तुओं में सबसे पुरानी चौथी हिजरी की हैं, यानी बुवैही दौर की। आल-ए-बुवैह के सुल्तान अज़ुदुद्दौला ने 365 हिजरी में ज़रीह के लिए एक कवर भेंट किया। वह अपने समय की बुनाई, कढ़ाई और सजावट की कला का शानदार नमूना था। यहाँ तक कि 20वीं सदी की मशीनों की तरक्की के बावजूद उसकी कला हैरत में डालने वाली है।

नजफ़ में अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के रौज़े को भेंट किए गए उपहारों के दस्तावेज़ों में दर्ज है कि ज़रीह का यह कवर, जिसके बारे में हम अभी बात कर रहे हैं, सुल्तान अज़ुदुद्दौला आल-ए-बुवैह ने 365 हिजरी में भेंट किया था। इस रिकॉर्ड के अनुसार, यह कवर चौथी हिजरी का होना चाहिए। लेकिन मैं इस रिकॉर्ड से सहमत नहीं हूँ। मुझे यक़ीन है कि दुनिया के किसी भी हिस्से में इस तरह का कवर चौथी हिजरी (यानी 10वीं ईस्वी सदी) में नहीं बन सकता। इसलिए, मैं इसे ईरान में बना, 18वीं ईस्वी सदी का आवरण मानना पसंद करूँगी।»

आधुनिक दौर में एक बेशक़ीमती पर्दे की भेंट

वर्ष 1438 हिजरी, यानी 2007 ईस्वी में, इस्लामी गणराज्य ईरान के फ़िरदौस संस्कृति एवं मीडिया केंद्र ने अलवी ज़रीह के संदूक के लिए एक बेशक़ीमती पर्दा भेंट किया। इस भेंट का ख़र्च इस्फ़हान शहर के व्यापारियों में से एक, हाज वजीहा मुर्तज़ा महज़ूनिया ने उठाया।

अलवी ज़रीह का बेशक़ीमती रेशमी पर्दा

यह पर्दा बेहतरीन क़िस्म के रेशम से बना है, जिसे यज़्द शहर में बुना गया था। इसका क्षेत्रफल 30 वर्ग मीटर है। यह पर्दा हस्तशिल्प की गौरवपूर्ण कृतियों में गिना जाता है, क्योंकि इस पर सोने का काम इस्फ़हान शहर में कुछ मोमिन पुरुषों और महिलाओं ने छह महीने तक किया।

इस पर्दे को बनाने में इन चीज़ों का प्रयोग किया गया है: लगभग 110 मिस्क़ाल सोना, 8 किलो चाँदी, लगभग एक किलो प्राकृतिक मोती। पर्दे पर सूरह इख़लास और अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के बारे में नाज़िल हुई कुछ आयतें अंकित हैं। पर्दे के ऊपरी हिस्से में यह शब्द लिखे हैं:

«ऐ काबा में जन्म लेने वाले और कूफ़ा में शहीद होने वाले, हैदर के लक़ब वाले, ऐ अमीरुल मोमिनीन, ऐ पाक इमामों के पिता, ऐ अमीरुल मोमिनीन अली बिन अबी तालिब।»

इन आयतों की ख़ुशनवीसी उस्ताद मुहम्मद मुवह्हिद ने की और हाजिया पूरान महज़ूनिया ने कई मोमिन महिलाओं के सहयोग से इसका डिज़ाइन और कढ़ाई का काम किया।

भारत से एक बेशकीमती तोहफ़ा

अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की ज़रीह के ख़ातम के संदूक पर रखा गया आख़िरी पर्दा 1429 हिजरी, यानी 2008 ईस्वी में भारत के मुंबई शहर में बनाया गया और ज़िलक़ादा महीने में 1430 हिजरी, यानी 2009 ईस्वी में संदूक पर लगाया गया। यह पर्दा बोहरा सुल्तान मोहम्मद बुरहानुद्दीन की तरफ़ से भेंट किया गया है और ज़रीह के सबसे बेशकीमती और सुंदर पर्दों में गिना जाता है। इसकी बारीक कढ़ाई, सुंदर नक्काशी, चमक और कलात्मक बनावट इसकी खास पहचान है और इसकी कीमत भी बहुत अधिक बताई गई है।

इस बेशकीमती पर्दे की खासियतें: यह जापानी प्राकृतिक रेशम से बना है और इसका रंग गहरा हरा है। इसके नक़्शों पर सुनहरे धागों से कढ़ाई की गई है। इस पर क़ुरआन की सूरह फ़ातिहा, क़द्र, कौसर और इख़लास के साथ कुछ अन्य आयतें भी लिखी गई हैं, जिनमें शामिल हैं:

﴿إِنَّمٰا یُرِیدُ اَللّٰهُ لِیُذْهِبَ عَنْکُمُ اَلرِّجْسَ أَهْلَ اَلْبَیْتِ وَ یُطَهِّرَکُمْ تَطْهِیراً﴾

﴿مِنَ الْمُؤْمِنِینَ رِجَالٌ صَدَقُوا مَا عَاهَدُوا اللَّهَ عَلَیْهِ فَمِنْهُمْ مَنْ قَضَىٰ نَحْبَهُ وَمِنْهُمْ مَنْ یَنْتَظِرُ وَمَا بَدَّلُوا تَبْدِیلًا﴾

﴿إِنَّمَا وَلِیُّکُمُ اللَّهُ وَرَسُولُهُ وَالَّذِینَ آمَنُوا الَّذِینَ یُقِیمُونَ الصَّلَاهَ وَیُؤْتُونَ الزَّکَاهَ وَهُمْ رَاکِعُونَ﴾

क़ुरआन की लिखावट पुरानी कूफ़ी लिपि में लिखी गई है। इसे सुनहरी रस्सीनुमा डोरी से घेरा गया है, जो काँच के संदूक के कोनों पर लगे सुनहरे डिज़ाइन से मिलता-जुलता है। इस पर्दे को हज़ारों लाल याकूत, प्राकृतिक मोती, हीरे, पन्ने और यमनी अकीक़ से सजाया गया। इसके किनारों और नीचे की तरफ़ मोती और अकीक़ से बने अंगूर के गुच्छे भी लटकाए गए हैं।

पर्दे पर सोने की सजावट का विवरण

पर्दे के कोनों में सोने के चार सजावटी गमले रखे हैं। ये सैयद मुहम्मद बुरहानुद्दीन की ओर से भेंट किए गए हैं। हर गमले में 6 किलोग्राम सोना, 2.5 किलोग्राम चाँदी, सजावट के लिए 8,000 याक़ूत के टुकड़े और 2,000 हीरे हैं। हर सजावटी गमले के ऊपर लगे ढक्कन पर क़ुरआन की ऐसी एक आयत अंकित है जिसमें «الفوز» शब्द आता है, जैसे:

﴿خَالِدِینَ فِیهَا أَبَداً رَضِیَ اللهُ عَنْهُمْ وَ رَضُوا عَنْهُ ذَلِکَ الْفَوْزُ الْعَظِیمُ﴾

﴿ذَلِکَ الْفَوْزُ الْعَظِیمُ﴾

﴿وَ فَضْلًا مِّن رَّبِّکَ ذَلِکَ هُوَ الْفَوْزُ الْعَظِیمُ﴾

पवित्र ज़रीह की सजावट

अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के वफ़ादार शियों के साथ-साथ सुल्तानों, राजाओं, ख़लीफ़ाओं, अमीरों, वज़ीरों और अन्य प्रमुख लोगों ने भी पवित्र अलवी रौज़े के रखरखाव और सजावट पर हमेशा ध्यान दिया है, ताकि वह सबसे अच्छी और सबसे सुंदर स्थिति में दिखे। आज भी सैयदुल औसिया (अलैहिस्सलाम) से मोहब्बत और उनकी निकटता पाने की भावना से पवित्र अलवी ज़रीह के लिए क़ीमती भेंटें और सुंदर कलाकृतियाँ पेश की जाती हैं।

 

अलवी ज़रीह की सजावट के लिए सुल्तानों की ऐतिहासिक भेंटें

अमीर अब्दुल्लाह अल-हमदानी ने अपनी इमारत बनवाने के बाद ज़रीह के लिए एक शानदार पर्दा भेंट किया और उसके फ़र्श पर सबसे क़ीमती सामानी चटाइयाँ बिछाईं। हमदान परिवार भी सोने और चाँदी के क़ंदील, सजावटी तलवारें और दूसरी कीमती चीज़ें भी अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के पवित्र रौज़े को भेजता था। अज़ुदुद्दौला आल-ए-बुवैह ने आदेश दिया कि ज़रीह की दीवारों को सागौन की सजावटी लकड़ी से ढका जाए।

पहले भेंट किए गए बेशकीमती पर्दे की कहानी

अहमद बिन अली अल-क़लक़शंदी लिखते हैं: «इब्ने नज्जार ने ‘तारीख़-ए-शहर’ में रिवायत करते हैं कि इमाम अली के रौज़े के पवित्र ज़रीह कक्ष को सबसे पहले हुसैन बिन अबी हैजा ने पर्दे से ढका था। वे वज़ीर तलाए बिन रुज़ैक़ के दामाद और अज़ुदुद्दौला के वज़ीर थे। उन्होंने पवित्र कक्ष के लिए सफ़ेद दबीक़ी कपड़े का पर्दा तैयार कराया, जिस पर पीली और लाल रेशमी कढ़ाई थी। इस पर पूरी सूरह यासीन लिखी गई थी। उस समय अब्बासी ख़लीफ़ा अल-मुस्तज़ी बि-अम्रिल्लाह था।

जब यह पर्दा शहर पहुँचा, तो शहर के अमीर क़ासिम बिन मुहन्ना ने ख़लीफ़ा अल-मुस्तज़ी की अनुमति के बिना इसे लगाने से इनकार कर दिया। हुसैन बिन अबी हैजा बग़दाद गए और इजाज़त हासिल की। पर्दा लगभग दो साल तक कक्ष पर लगा रहा। फिर अल-मुस्तज़ी ने कढ़ाई और सफ़ेद सजावट वाला बैंगनी रेशम का एक पर्दा भेजा। उसकी सजावट पर अबू बक्र, उमर, उस्मान, अली और अल-मुस्तज़ी बिल्लाह के नाम लिखे थे। पहला पर्दा उतारकर कूफ़ा में जहां पर अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की शहादत हुई थी वहां भेज दिया गया और उसकी जगह अल-मुस्तज़ी का पर्दा लगा दिया गया।»

मोसुल के शासक की भेंट

इब्ने कसीर ने लिखा है कि मोसुल के शासक बद्रुद्दीन लुलु हर साल अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के मशहद के लिए सोने का एक क़ंदील भेंट करते थे, जिसकी कीमत 1,000 दीनार होती थी।

 

स्रोत
पुस्तक «तारीख़ अल-मरक़द अल-अलवी अल-मुतह्हर» से लिया गया

 

पिछला लेख पढ़ने के लिए «इस्बअैन»; पवित्र अलवी ज़रीह में अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) से जुड़ी करामत की एक रिवायत पढ़ें।

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *