Most searched:

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा पर सलवात भेजने का सवाब और फ़ज़ीलत

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा पर सलवात भेजने की फ़ज़ीलत

ऐ फ़ातिमा! जो व्यक्ति तुम पर सलवात भेजेगा, अल्लाह उसके गुनाहों को माफ़ कर देगा और जन्नत में मैं जहाँ भी रहूँगा, उसे मेरे साथ पहुँचा देगा।

रसूलुल्लाह (सल्लल्लाहु अलैहि व आलेहि वसल्लम) ने अपनी बेटी हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) से फ़रमाया:

“ऐ फ़ातिमा! जो व्यक्ति तुम पर सलवात भेजेगा, अल्लाह उसके गुनाहों को माफ़ कर देगा और जन्नत में मैं जहाँ भी रहूँगा, उसे मेरे साथ पहुँचा देगा।“[1]

अल्लामा अमीनी का कहना है कि हदीस का अर्थ यह है कि सलवात पढ़ने वाला बनी के क़रीब होगा। इसका यह मतलब कतई नहीं है कि उस व्यक्ति का मक़ाम और दर्जा भी रसूलुल्लाह (स.) के बराबर होगा।

मोहम्मद व आले मोहम्मद पर सलवात में हज़रत फ़ातिमा ज़हरा

रसूलुल्लाह (स.) ने फ़रमाया:

“मुझ पर अधूरी सलवात मत भेजो।”

लोगों ने पूछा कि अधूरी सलवात क्या है?

आपने फ़रमाया:

“यह कि तुम कहो, ऐ अल्लाह! मोहम्मद पर सलवात भेज और फिर ख़ामोश हो जाओ। बल्कि इस तरह कहो, ऐ अल्लाह! मोहम्मद और आले मोहम्मद पर सलवात भेज।”[2]

यह भी पढ़ेंः फ़ातिमा ज़हरा (स.) की मोहब्बत अहलेबैत की हदीसों में

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) अहलेबैत (अ.स.) में शामिल हैं और आयते ततहीर भी आपके बारे में है। इसलिए आप इस सलवात में भी शामिल हैं।

जब भी हम मोहम्मद व आले मोहम्मद (अ.) पर सलवात भेजते हैं, तो रसूलुल्लाह (स.) की बेटी हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) को भी याद करते हैं।

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा पर सलवात और उनकी विलायत का मक़ाम

अल्लामा अमीनी अपनी किताब ‘फ़ातिमा ज़हरा’ में लिखते हैं किः

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) न केवल आले मोहम्मद पर भेजी जाने वाली सलवात में शामिल हैं, बल्कि आपके लिए ख़ास सलवात और ज़ियारत भी की जाती है, ठीक उसी तरह जैसे रसूलुल्लाह (स.), अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अ.), इमाम हसन (अ.स.) और इमाम हुसैन (अ.) पर सलवात भेजी जाती है और उनकी ज़ियारत की जाती है।

यह भी पढ़ेंः बच्चों के दिल में हज़रत अली की मोहब्बत कैसे पैदा करें?

अल्लामा अमीनी के अनुसार, बीबी के लिए अलग से सलवात और ज़ियारत का होना उनके ‘वलिय्यतुल्लाह’ यानी अल्लाह की वली होने की निशानी है।

आप ऐसी महान हस्ती हैं, जो रिसालत और इमामत की ज़िम्मेदारी रखने वाली हस्तियों के साथ अल्लाह की अमानत हैं। अल्लाह के बंदों, यहाँ तक कि नबियों, रसूलों और औलिया पर भी ज़रूरी है कि वे इस अमानत का हक़ अदा करें और आपकी विलायत को स्वीकार करें।[3]

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा पर फ़रिश्तों की सलवात

जाबिर से एक रिवायत नक़्ल हुआ है जिसमें रसूलुल्लाह (स.अ.व.) ने उन फ़रिश्तों के बारे में बताया है, जिन्हें अल्लाह ने हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की हिफ़ाज़त के लिए नियुक्त किया है।

ये फ़रिश्ते आपकी ज़िंदगी में, शहादत के समय और आपकी क़ब्र के पास आप पर, आपके वालिद, आपके शौहर और आपके बच्चों पर बहुत अधिक सलवात भेजते हैं।

इसके बाद रसूलुल्लाह (स.) ने फ़रमाया:

“जिसने फ़ातिमा की ज़ियारत की, मानो उसने मेरी ज़ियारत की।“[4]

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा की ख़ास सलवात और उसका हिंदी अनुवाद

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के महान महान मक़ाम और फ़ज़ीलत की झलक आप पर भेजी जाने वाली ख़ास सलवात में भी दिखाई देती है।

“ऐ अल्लाह! पवित्र सिद्दीक़ा फ़ातिमा पर सलवात भेज, जो तेरे महबूब और नबी की महबूब हैं तथा तेरे प्रिय और चुने हुए बंदों की माँ हैं। वह महान महिला, जिसे तूने चुना, श्रेष्ठता प्रदान की और दुनिया की सभी महिलाओं पर प्राथमिकता दी।

संबंधित लेखः हज़रत फ़ातिमा ज़हरा का हार, जिसने एक ग़ुलाम को आज़ाद कराया

ऐ अल्लाह! जिन लोगों ने उन पर ज़ुल्म किया और उनके हक़ को मामूली समझा, उनसे बदला ले।

ऐ अल्लाह! जिस तरह तूने उन्हें हिदायत देने वाले इमामों की माँ, अलमदार की पत्नी और ऊँचे मक़ाम वाले फ़रिश्तों के बीच सम्मानित बनाया है, उसी तरह उन पर और उनकी माँ हज़रत ख़दीजा कुबरा पर सलवात भेज।

ऐसी सलवात भेज, जिसके ज़रिए तू उनके वालिद हज़रत मोहम्मद (स.) को सम्मान प्रदान करे और उनकी औलादों की आँखों को ठंडक पहुँचाए। इसी समय मेरी ओर से उन सभी तक सबसे बेहतरीन सलवात और सलाम पहुँचा।”[5]

************************

स्रोत और संदर्भ

[1] बिहारुल अनवार, जिल्द 43, पेज 55; जिल्द 97, पेज 194
«مَنْ صَلَّى عَلَيْكِ يَا فَاطِمَةُ غَفَرَ اللَّهُ لَهُ وَأَلْحَقَهُ بِي حَيْثُ كُنْتُ مِنَ الْجَنَّةِ».

[2] अस-सवाइक़ुल मुहरिक़ा, पेज 225; यनाबीउल मवद्दत, पेज 295
«لَا تُصَلُّوا عَلَيَّ الصَّلَاةَ الْبَتْرَاءَ، فَقَالُوا: وَمَا الصَّلَاةُ الْبَتْرَاءُ؟ قَالَ: تَقُولُونَ: اللَّهُمَّ صَلِّ عَلَى مُحَمَّدٍ وَتُمْسِكُونَ، بَلْ قُولُوا: اللَّهُمَّ صَلِّ عَلَى مُحَمَّدٍ وَآلِ مُحَمَّدٍ».

[3] फ़ातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा (अल्लामा अमीनी), पेज 304

[4] बशारतुल मुस्तफ़ा, पेज 139; बिहारुल अनवार, जिल्द 43, पेज 58
«إِنَّ اللَّهَ قَدْ وَكَّلَ بِهَا رَعِيلًا مِنَ الْمَلَائِكَةِ يَحْفَظُونَهَا مِنْ بَيْنِ يَدَيْهَا وَمِنْ خَلْفِهَا وَعَنْ يَمِينِهَا وَعَنْ شِمَالِهَا، وَهُمْ مَعَهَا فِي حَيَاتِهَا وَعِنْدَ قَبْرِهَا وَعِنْدَ مَوْتِهَا، يُكْثِرُونَ الصَّلَاةَ عَلَيْهَا وَعَلَى أَبِيهَا وَبَعْلِهَا وَبَنِيهَا. فَمَنْ زَارَنِي بَعْدَ وَفَاتِي فَكَأَنَّمَا زَارَنِي فِي حَيَاتِي، وَمَنْ زَارَ فَاطِمَةَ فَكَأَنَّمَا زَارَنِي».

[5] मिस्बाहुल मुतहज्जिद, पेज 401
«اللَّهُمَّ صَلِّ عَلَى الصِّدِّيقَةِ فَاطِمَةَ الزَّكِيَّةِ، حَبِيبَةِ حَبِيبِكَ وَنَبِيِّكَ، وَأُمِّ أَحِبَّائِكَ وَأَصْفِيَائِكَ، الَّتِي انْتَجَبْتَهَا وَفَضَّلْتَهَا وَاخْتَرْتَهَا عَلَى نِسَاءِ الْعَالَمِينَ. اللَّهُمَّ كُنِ الطَّالِبَ لَهَا مِمَّنْ ظَلَمَهَا وَاسْتَخَفَّ بِحَقِّهَا، وَكُنِ الثَّائِرَ اللَّهُمَّ بِدَمِ أَوْلَادِهَا. اللَّهُمَّ وَكَمَا جَعَلْتَهَا أُمَّ أَئِمَّةِ الْهُدَى، وَحَلِيلَةَ صَاحِبِ اللِّوَاءِ، وَالْكَرِيمَةَ عِنْدَ الْمَلَإِ الْأَعْلَى، فَصَلِّ عَلَيْهَا وَعَلَى أُمِّهَا خَدِيجَةَ الْكُبْرَى، صَلَاةً تُكْرِمُ بِهَا وَجْهَ أَبِيهَا مُحَمَّدٍ صَلَّى اللَّهُ عَلَيْهِ وَآلِهِ، وَتُقِرُّ بِهَا أَعْيُنَ ذُرِّيَّتِهَا، وَأَبْلِغْهُمْ عَنِّي فِي هَذِهِ السَّاعَةِ أَفْضَلَ التَّحِيَّةِ وَالسَّلَامِ».

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *