Most searched:

सैय्यद रज़ी (शरीफ़ रज़ी) और नहजुल बलाग़ा

सैय्यद रज़ी की जीवनी: नहजुल बलाग़ा के संकलक, उनकी रचनाएँ और विरासत

सैयद रज़ी एक बड़े शिया विद्वान और प्रसिद्ध साहित्यकार थे। उन्होंने नहजुल बलाग़ा को संकलित करके अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के ख़ुत्बों, पत्रों और हिकमत भरी बातों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी काम किया और दारुल इल्म नाम का एक ज्ञान केंद्र स्थापित किया।

चौथी हिजरी सदी में शिया इतिहास और अरबी साहित्य एक ऐसी महान हस्ती के बहुत कर्ज़दार हैं, जिसने अपनी ज़िंदगी और लेखनी को अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की शिक्षाओं को समझाने और फैलाने के लिए समर्पित कर दिया। सैय्यद रज़ी केवल एक बड़े साहित्यकार और माहिर फ़क़ीह ही नहीं थे, बल्कि नहजुल बलाग़ा के संकलक के रूप में उन्होंने इंसानी ज्ञान और अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के वह्य जैसे ऊँचे कलाम के बीच एक मज़बूत और हमेशा रहने वाला रिश्ता बना दिया। अपने छोटे लेकिन उपलब्धियों से भरे जीवन में उन्होंने सामाजिक प्रबंधन से लेकर ज्ञान और शिक्षा के केंद्र स्थापित करने तक कई बड़े काम किए। आख़िर में, अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की गहरी मोहब्बत से भरे दिल के साथ उन्होंने बग़दाद आँखें बंद कर ली और हमेशा कि लिए अपने आक़ा और मौला की बारगाह में चले गए जिनके कलाम को जमा करने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन लगा दिया था।

सैय्यद रज़ी का जन्म और शैक्षिक जीवन

उनका पूरा नाम मुहम्मद बिन हुसैन बिन मूसा था। वे सैय्यद रज़ी और शरीफ़ रज़ी के नाम से प्रसिद्ध थे। हाशिमी सादात और आले अबू तालिब से थे इसीलिए उन्हें “शरीफ़” कहा जाता था। उनके पिता हुसैन बिन मूसा अलवी की ओर से उनकी वंशावली 6 पीढ़ियों के माध्यम से शियाओं के 7वें इमाम, इमाम काज़िम (अलैहिस्सलाम) तक पहुँचती है।उनकी माँ इमाम ज़ैनुल आबिदीन (अलैहिस्सलाम), जो शियों के चौथे इमाम हैं, की नस्ल से थीं। [1] [2]

सैय्यद रज़ी चौथी हिजरी सदी के बड़े शिया विद्वानों और प्रसिद्ध साहित्यकारों में से थे। उनका जन्म 359 हिजरी क़मरी में बग़दाद में हुआ था। फ़िक़्ह, साहित्य, अरबी व्याकरण और क़ुरआन की व्याख्या में अपने व्यापक ज्ञान के कारण वे अपने समय की सबसे प्रमुख विद्वत् और साहित्यिक हस्तियों में गिने जाते थे।

यह भी पढ़ेंः अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) का जीवन एक नज़र में

सैय्यद रज़ी और उनके भाई सैयद मुर्तज़ा दोनों बग़दाद में शिया समाज की प्रसिद्ध हस्तियों में से थे और दोनों ने ज्ञान और समाज से जुड़े क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सैयद रज़ी की सबसे बड़ी प्रसिद्धि उनकी महान किताब नहजुल बलाग़ा के संकलन की वजह से है। उन्होंने 400 हिजरी क़मरी में इस ग्रंथ को «ख़ुत्बे, पत्र और हिकमतें» नामक 3 खंडों में पूरा किया। सैय्यद रज़ी इस किताब को अपने लिए गर्व की बात मानते थे। रिवायतों के चयन में उनका मानदंड साहित्यिक वाक्पटुता और भाषण-कला (फ़साहत और साहित्यिक बलाग़त) था। [3]

सैय्यद रज़ी की रचनाएँ और विरासत 

सैय्यद रज़ी ने नहजुल बलाग़ा के अलावा «मजाज़ातुल क़ुरआन», «मजाज़ातुन नबविय्या» और «मआनिल क़ुरआन» जैसी पुस्तकें लिखीं, जो क़ुरआनी विज्ञान और साहित्य पर उनकी पकड़ को दर्शाती हैं। सैय्यद रज़ी की कविताएँ भी विशेष रूप से प्रसिद्ध थीं और उन्हें अरब के महानतम कवियों में से एक माना जाता था। [4]

दारुल इल्म की स्थापना

सैय्यद रज़ी ने «नक़ाबत-ए-तालिबियान», «इमारत-ए-हज» (हाजियों की देखरेख) और «दीवान-ए-मज़ालिम की अध्यक्षता» जैसे भारी दायित्व सँभाले थे। इनमें से हर एक काम इतना बड़ा था कि उनका पूरा समय ले सकता था। इसके बावजूद उन्होंने ज्ञान से जुड़े काम, शायरी और किताबें लिखना कभी नहीं छोड़ा। व्यक्तिगत कार्यों से आगे बढ़कर उन्होंने एक उच्च धार्मिक शिक्षण संस्थान स्थापित करने और विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने के बारे में सोचा। आर्थिक साधनों की कमी के बावजूद, जब उन्होंने देखा कि ज्ञान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके शिष्यों का एक समूह लगातार उनके साथ रहता है, तो उन्होंने एक घर की व्यवस्था की, उसे अपने शिष्यों के लिए विद्यालय में बदल दिया और उसका नाम «दारुल इल्म» रखा। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराईं।

सैय्यद रज़ी ने दारुल इल्म के लिए एक पुस्तकालय और सभी आवश्यक वस्तुओं से युक्त भंडार की व्यवस्था की। उन्होंने छात्रों की रोज़मर्रा की ज़रूरत की सभी चीज़ें दारुल इल्म के ख़ज़ाने में रखवा दीं। फिर जितने छात्र थे, उतनी ही चाबियाँ बनवाकर उन्हें दे दीं, ताकि जब भी उन्हें किसी चीज़ की आवश्यकता हो, वे स्वयं सीधे भंडार खोलकर अपनी ज़रूरत की वस्तु ले सकें और उन्हें किसी गोदाम के ज़िम्मेदार व्यक्ति का इंतज़ार न करना पड़े। दारुल इल्म के विद्यार्थियों को सम्मान और स्वायत्तता देने के लिए उन्होंने आवश्यक वस्तुएँ लेने का निर्णय भी उन्हीं पर छोड़ दिया था। सैय्यद रज़ी के दारुल इल्म में एक पुस्तकालय भी था, जिसमें छात्रों की ज़रूरत की किताबें रखी गई थीं, ताकि वे पढ़ाई और स्रोतों को देखने के लिए दूसरों पर निर्भर न रहें।

यह भी पढ़ेंः इमाम अली (अ.) की ज़रीह: कला में सिमटा इतिहास

यह बात भी ध्यान देने योग्य है कि सैय्यद रज़ी के दारुल इल्म की स्थापना «निज़ामिया-ए-बग़दाद» मदरसे की स्थापना से कई दशक पहले हुई थी। उस मदरसे का निर्माण ख़्वाजा निज़ामुल मुल्क तूसी ने भारी सरकारी धन से कराया था। हालाँकि अधिकांश इतिहासकारों ने निज़ामुल मुल्क को इस्लाम में धार्मिक विद्याओं की शिक्षा के लिए मदरसों की स्थापना करने वाला पहला व्यक्ति माना है, लेकिन हम देखते हैं कि उन्होंने यह काम सैय्यद रज़ी के निधन के लगभग सौ वर्ष बाद किया था। ऐसा प्रतीत होता है कि सैय्यद रज़ी के दारुल इल्म को बाद में उनके भाई सैयद मुर्तज़ा ने जारी रखा और उसका विस्तार किया। इस संस्थान ने «शैख़ुत्ताइफ़ा, हसन बिन मुहम्मद तूसी» जैसे महान विद्वानों को तैयार किया। [5]

सैय्यद रज़ी ने नहजुल बलाग़ा संकलित क्यों की

सैय्यद रज़ी ने नहजुल बलाग़ा की सुंदर और महत्त्वपूर्ण प्रस्तावना में बताया है कि उन्होंने यह किताब क्यों संकलित की वे लिखते हैं:
युवावस्था के आरंभ में, जब जीवन में नई उमंग थी, मैंने «इमामों (अलैहिमुस्सलाम) के गुणों और विशेषताओं» पर एक पुस्तक लिखनी शुरू की, जिसमें उनसे जुड़ी दिलचस्प रिवायतें और उनके उत्कृष्ट कथन शामिल थे। मैंने उस किताब की शुरुआत में यह भी लिखा था कि मैंने उसे लिखने का फैसला क्यों किया। अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के गुणों को एकत्र करने के बाद समय की कमी और दूसरी घटनाओं ने मुझे पुस्तक का शेष भाग पूरा करने से रोक दिया।

मैंने उस किताब को अलग-अलग अध्यायों में बाँटा था। उसके आख़िर में एक अध्याय ऐसा था जिसमें अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की छोटी लेकिन बहुत महत्वपूर्ण बातें शामिल थीं। इनमें नसीहतें, हिकमतें, मिसालें और आदाब से जुड़े संक्षिप्त कथन थे। उसमें लंबे ख़ुत्बे और बड़े पत्र शामिल नहीं थे»।

मेरे कुछ दोस्तों को यह हिस्सा बहुत पसंद आया और उन्होंने इसे अलग-अलग पहलुओं से हैरान करने वाला पाया। उन्होंने मुझसे एक ऐसी पुस्तक लिखने को कहा, जिसमें अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के चुनिंदा कथन एकत्र किए जाएँ। वे जानते थे कि ऐसी किताब में बलाग़त के अद्भुत नमूने, फ़साहत की बेहतरीन मिसालें, अरबी भाषा के अनमोल शब्द और दीन तथा दुनिया से जुड़ी बहुत महत्वपूर्ण बातें होंगी। जिन्हें किसी पुस्तक में एकत्र नहीं किया गया था और न ही किसी लेख में उनके सभी पहलुओं को समेटा गया था।

इसलिए मैंने मित्रों के अनुरोध को स्वीकार किया और यह कार्य (नहजुल बलाग़ा का संकलन) शुरू किया, जबकि मुझे विश्वास था कि इसका आध्यात्मिक लाभ बहुत अधिक है, यह जल्द ही हर जगह अपना प्रभाव स्थापित करेगा और इसका सवाब आख़िरत के लिए मेरे पास जमा रहेगा।

नहजुल बलाग़ा के संकलन का उद्देश्य

सैय्यद रज़ी नहजुल बलाग़ा की प्रस्तावना में आगे लिखते हैं: «मेरा उद्देश्य यह था कि अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की बहुत सी दूसरी फ़ज़ीलतों के साथ यह बात भी साफ़ करूँ कि उनसे पहले जितने लोगों के शब्द हमारे पास पहुँचे हैं, उनमें अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) ही वह व्यक्ति हैं जो फ़साहत और बलाग़त की सबसे ऊँची मंज़िल पर हैं। उनके शब्द एक ऐसे अथाह समुद्र की तरह हैं जिसकी कोई सीमा नहीं, और किसी भी बड़े वक्ता के शब्द उनकी बराबरी नहीं कर सकते।

उनकी वाणी तीन मुख्य श्रेणियों में आती है:

  • पहली: ख़ुत्बे और आदेश।
  • दूसरी: पत्र और संदेश।
  • तीसरी: हिकमत भरी बातें और उपदेश।

मैंने निश्चय किया कि पहले उनके ख़ुत्बे, फिर पत्र और अंत में उनकी रोचक हिकमत भरी बातों एवं उपदेशों को संकलित करूँ। इसके बाद मैंने इनमें से प्रत्येक के लिए एक अलग अध्याय निर्धारित किया और विशेष पृष्ठ रखे, ताकि जो सामग्री अभी मुझे उपलब्ध नहीं है और संभव है भविष्य में मिल जाए, उसे प्राप्त करने के लिए आधार तैयार हो सके। और जब भी मुझे उनका कोई ऐसा कथन मिलता जो किसी बहस, सवाल के जवाब या किसी दूसरे विषय से जुड़ी होती लेकिन इन तीनों खंडों में से किसी में नहीं आता था, तो मैं उसे उस हिस्से में रखता जो उसके सबसे ज़्यादा करीब और उचित होता।»

इमाम अली (अ.) की हदीसें

सैय्यद रज़ी नहजुल बलाग़ा की प्रस्तावना में लिखते हैं: «अमीरुल मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) के शब्दों की एक हैरान करने वाली खासियत यह है कि इस मामले में उनका कोई बराबर नहीं है। जब कोई व्यक्ति उनके ज़ुह्द और नसीहत से भरे शब्दों पर ध्यान करता है और कुछ देर के लिए यह भूल जाता है कि ये बातें एक ऐसे महान और ताक़तवर व्यक्ति की हैं जिसके सामने लोग सिर झुकाते थे, तो उसे पूरा यक़ीन हो जाता है कि ये बातें किसी ऐसे इंसान की हैं जिसने अपनी पूरी ज़िंदगी केवल ज़ुह्द, परहेज़गारी और इबादत में गुज़ारी हो। और इस मार्ग के अलावा किसी अन्य मार्ग पर कदम नहीं रखा और इबादत के सिवा कोई काम नहीं किया। उसे यक़ीन हो जाएगा कि यह वाणी किसी ऐसे व्यक्ति की है जो समाज से दूर, घर के किसी कोने में अकेला या किसी गुफा में रहता है, जहाँ वह अपनी आवाज़ के सिवा कुछ नहीं सुनता और अपने सिवा किसी को नहीं देखता, और सदैव इबादत में व्यस्त रहता है।

और वह कभी विश्वास नहीं कर पाएगा कि यह शब्द ऐसे व्यक्ति के है जो युद्ध के समय शत्रु की विशाल सेना के बीच उतर जाते थे और पहलवानों तथा शक्तिशाली योद्धाओं को धराशायी कर देते थे। इसके बावजूद वही व्यक्ति ज़ाहिदों में से एक, नेक और पाक लोगों में से एक और ऐसा उदाहरण था जिसकी कोई मिसाल नहीं थी।

यही उनकी हैरान करने वाली फ़ज़ीलतें और खासियतें हैं, जिनमें उन्होंने परस्पर विरोधी गुणों को एक साथ समेटा है।

पुस्तक पूरी होने के बाद मैंने इसका नाम ‘नहजुल बलाग़ा’ रखना उचित समझा; क्योंकि यह किताब पढ़ने वाले के लिए बलाग़त के दरवाज़े खोलती है और उसकी अभिलाषाओं को उसके निकट ले आती है।”

सैय्यद रज़ी का निधन

सैय्यद रज़ी का निधन 6 मुहर्रम 406 हिजरी क़मरी को बग़दाद में हुआ। उनका निधन उस समय के विद्वत और शिया समुदाय के लिए बड़ी क्षति थी। ख़बरों के अनुसार, बहाउद्दौला दैलमी के वज़ीर फ़ख़्रुल मुल्क ने बग़दाद के गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिष्ठित लोगों के साथ उनकी अंतिम यात्रा में भाग लिया। उनके भाई सैय्यद मुर्तज़ा अत्यधिक शोक के कारण अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हो सके और वह इमाम काज़िम (अलैहिस्सलाम) के रौज़े में चले गए। सैय्यद रज़ी को पहले उनके घर में दफ़नाया गया था, लेकिन बाद में उनके पार्थिव शरीर को कर्बला ले जाकर उनके पिता और इमाम हुसैन (अलैहिस्सलाम) की क़ब्रों के पास दफ़नाया गया। [6]

सैय्यद रज़ी के निधन पर बग़दाद के लोगों ने बड़ी संख्या में उनकी अंतिम यात्रा में भाग लिया। यह अंतिम यात्रा उस दौर के सबसे अधिक भीड़ वाले और महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक के रूप में दर्ज है। [7]

स्रोत
[1] आग़ा बुज़ुर्ग, तबक़ात आलाम अल-शीआ, खंड 2, पेज164
[2] जाफ़री, सैय्यद रज़ी, 1375, पेज 22
[3] अन-नुजूम अज़-ज़ाहिरा, खंड 4, पेज 240
[4] तारीख़ अल-इस्लाम, खंड 28, पेज 149; अन-नुजूम अज़-ज़ाहिरा, खंड 4, पेज 240
[5] नहजुल बलाग़ा पर शोध, अंक 6; उम्दतुत तालिब फ़ी अंसाबि आलि अबी तालिब, पेज 179
[6] वक़ाए अल-अय्याम, खंड 1, पेज 225; अन-नुजूम अज़-ज़ाहिरा, खंड 4, पेज 239
[7] अल-कामिल फ़ी अत-तारीख़, खंड 9, पेज 261

और सामग्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *