इस्लामी रिवायतों में एक महत्वपूर्ण सिद्धांत मिलता है कि मासूम को ग़ुस्ल देने का अधिकार केवल मासूम को ही है। इसी सिद्धांत के आधार पर यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) को उनकी शहादत के बाद किसने ग़ुस्ल दिया? अमीरुल मोमिनीन ने ही बीबी फ़ातिमा को ग़ुस्ल क्यों दिया?
इस्लाम में मृतक को ग़ुस्ल देने का अधिकार किसे है?
किसी इंसान की वफ़ात के बाद उसे ग़ुस्ल देना, कफ़न पहनाना, उसकी नमाज़-ए-जनाज़ा पढ़ना और दफ़न करना जीवित लोगों की अंतिम ज़िम्मेदारियों में शामिल है। इस्लामी अहकाम में इन कार्यों की निगरानी और उनका अधिकार संभालने वाले व्यक्ति के लिए एक विशेष स्थान निर्धारित किया गया है।
अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अ.) से रिवायत है:
“मृतक को वह व्यक्ति ग़ुस्ल देगा, जो उसके संबंध में सबसे अधिक अधिकार रखता है, या वह व्यक्ति जिसे मृतक का उत्तराधिकारी यह काम सौंपे।” [1]
इस रिवायत से यह बात सामने आती है कि ग़ुस्ल और कफ़न-दफ़न में कई लोग सहायता कर सकते हैं, लेकिन इन कार्यों की मूल ज़िम्मेदारी और उनसे संबंधित निर्णय लेने का अधिकार हर व्यक्ति को नहीं होता।
मासूम को ग़ुस्ल केवल मासूम क्यों देता है?
शिया रिवायतों में इमामों के संबंध में ग़ुस्ल और कफ़न-दफ़न की ज़िम्मेदारी को उनके बाद आने वाले इमाम की वसीयत और इमामत के पद से जोड़ा गया है। रिवायतों के अनुसार, जो इमाम अपने पूर्ववर्ती इमाम के बाद अल्लाह की हुज्जत और उनके मार्ग का उत्तराधिकारी होता है, वही उनके अंतिम संस्कार से संबंधित कार्यों की ज़िम्मेदारी भी संभालता है।
यहाँ विषय केवल ग़ुस्ल देने या कफ़न पहनाने का नहीं है, बल्कि एक विशेष अधिकार का है, जो किसी दूसरे व्यक्ति की उपस्थिति या सहायता से उसे प्राप्त नहीं हो जाता।
इमाम रज़ा (अ.) ने इमाम मूसा काज़िम (अ.) को ग़ुस्ल देने के बारे में क्या कहा?
इमाम अली रज़ा (अलैहिस्सलाम) की एक रिवायत में मिलता है। जब उनके एक साथी का वाक़िफ़िया संप्रदाय (वह लोग जो इमाम मूसा काज़िम (अ.) की इमामत पर रुक गए) के लोगों से विवाद हुआ, तो उसने उनके सामने यह तर्क दिया कि:
“इमाम को केवल इमाम ही ग़ुस्ल देता है।” उनकी मुराद यह थी कि इमाम मूसा काज़िम (अ.) को इमाम रज़ा ने गुस्ल दिया, और चूँकि मासूम को केवल मासूम ही ग़ुस्ल दे सकता है इसलिए इस तर्क के आधार पर इमाम रज़ा (स.) मासूम और इमाम हैं।
कर्बला में इमाम सज्जाद (अ.) ने इमाम हुसैन (अ.) को ग़ुस्ल और कफ़न दिया
एक दूसरी रिवायत में इस सिद्धांत को और व्यापक रूप में बयान किया गया है:
“इमाम के अंतिम मामलों की ज़िम्मेदारी केवल उनके समान एक इमाम ही संभालता है।”
इमाम रज़ा (अ.) से नक़्ल पिछली रिवायत में ही आपने इमाम हुसैन (अ.स.) और इमाम ज़ैनुल आबिदीन (अ.) का उदाहरण दिया। जिसमें अगरचे वह कूफ़े में असीर और बंदी थे, लेकिन फिर भी इमाम हुसैन (अ.) को ग़ुस्ल उन्होंने ही दिया। [3] इस रिवायत से पता चलता है कि बात केवल ग़ुस्ल तक सीमित नहीं है, बल्कि इमाम की शहादत के बाद उनके अंतिम मामलों की ज़िम्मेदारी को भी शामिल करती है।
रजअत कि रिवायत और इमाम हुसैन (अ.) और इमाम ज़मान (अ.) में संबंध
रजअत, यानी अल्लाह के आदेश से कुछ लोगों के दोबारा दुनिया में लौटने, से संबंधित एक रिवायत में भी यही सिद्धांत मिलता है। इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) ने इमाम ज़मान (अज्जलल्लाहु तआला फ़रजहुश्शरीफ़) के संबंध में इमाम हुसैन की रजअत की बात कही है और बयान किया कि इमाम हुसैन (अ.) उनके ग़ुस्ल, कफ़न, हनूत और दफ़न की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।
यह भी पढ़ेंः हज़रत अली (अ.) की मज़लूमियत और तन्हाई
इस रिवायत के अंत में फ़रमाया गया है: “वसी की ज़िम्मेदारी केवल वसी ही संभालता है।” [4] इन रिवायतों को एक साथ देखने से यह बात सामने आती है कि इमाम के अंतिम संस्कार की निगरानी उनके उत्तराधिकारी और अल्लाह की ओर से निर्धारित ज़िम्मेदारी से जुड़ी हुई है।
इमाम मोहम्मद तक़ी (अ.) ने इमाम रज़ा (अ.) को ग़ुस्ल दिया
अबा सल्त की रिवायत के अनुसार, इमाम मुहम्मद तक़ी (अलैहिस्सलाम) अपने पिता इमाम अली रज़ा (अ.) की शहादत के बाद उनके पास पहुँचे और उन्होंने ग़ुस्ल दिया।
रिवायत में है कि उन्होंने अबू सल्त से फ़रमाया: “ऐ अबू सल्त! एक ओर हट जाओ, क्योंकि तुम्हारे अतिरिक्त मेरी सहायता करने वाला मौजूद है।” इसके बाद रिवायत में बताया गया है कि इमाम जवाद (अ.) ने अपने पिता को ग़ुस्ल दिया, कफ़न पहनाया और उनकी नमाज़े जनाज़ा पढ़ी। [5]
इमाम महदी (अ.) ने इमाम हसन अस्करी (अ.) की नमाज़े जनाज़ा पढ़ाई
अबुल अदयान की एक प्रसिद्ध रिवायत में आया है कि इमाम हसन अस्करी (अ.) के जनाज़े पर नमाज़ पढ़ने के लिए जब जाफ़र आगे बढ़े, तो इमाम हसन अस्करी (अ.) के बेटे ने उनसे फ़रमाया:
“चचा! पीछे हट जाइए, क्योंकि अपने पिता की नमाज़ पढ़ाने का अधिकार मुझे आपसे अधिक है।”
इसके बाद उस बच्चे ने आगे बढ़कर अपने पिता की नमाज़-ए-जनाज़ा पढ़ाई। [6]
क्या ग़ुस्ल में किसी दूसरे व्यक्ति की सहायता ली जा सकती है?
यहाँ एक महत्वपूर्ण बात समझना ज़रूरी है। इमाम द्वारा अंतिम संस्कार की ज़िम्मेदारी संभालने का अर्थ यह नहीं कि कोई दूसरा व्यक्ति उनकी सहायता नहीं कर सकता। पानी उपलब्ध कराना, ग़ुस्ल में मदद करना या इमाम के निर्देश पर दफ़न में शामिल होना, इन सभी कार्यों में दूसरे लोगों की सहायता ली जा सकती है। क्योंकि ऐसा करके सहायता करने वाला मासूम के बराबर नहीं हो जाता है।
इसी तरह किसी सार्वजनिक नमाज़े जनाज़ा का आयोजन होना या कुछ कार्य दूसरे व्यक्तियों द्वारा किए जाने की रिवायत मिलना, अपने आप में इस बात का प्रमाण नहीं है कि इमाम ने अपनी ज़िम्मेदारी पूरी नहीं की। इसलिए हर रिवायत को पढ़ते समय यह देखना आवश्यक है कि वह घटना के किस हिस्से का वर्णन कर रही है।
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) को ग़ुस्ल किसने दिया?
अब हम अपने इस सवाल के जवाब पर आते हैं कि बीबी फ़ातिमा को ग़ुस्ल किसने दिया। ऊपर बनाय की गई रिवायतों को देखते हुए जवाब स्पष्ट है। अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) उनके पति और वसी थे। लेकिन इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) की एक रिवायत से हमें हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के ख़ास रूहानी मक़ाम का भी पता चलता है।
हज़रत फ़ातेमा ज़हरा से संबंधित और आर्टिकल्स को देखने के लिए क्लिक करें
मुफ़ज़्ज़ल कहते हैं कि मैं इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) से पूछा: “आप पर क़ुर्बान जाऊँ! हज़रत फ़ातिमा (स.अ.) को किसने ग़ुस्ल दिया?” इमाम ने जवाब दिया: “अमीरुल मोमिनीन ने।” मुफ़ज़्ज़ल कहते हैं कि यह जवाब सुनकर मुझे आश्चर्य हुआ। इमाम सादिक़ (अ.) ने फ़रमाया:
“परेशान मत हो। वह सिद्दीक़ा थीं और सिद्दीक़ा को केवल सिद्दीक़ ही ग़ुस्ल देता है। क्या तुम्हें मालूम नहीं कि मरयम को ईसा के अलावा किसी ने ग़ुस्ल नहीं दिया था?” [7]
इस रिवायत में इमाम सादिक़ (अ.) ने हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के ग़ुस्ल की व्याख्या करते हुए उनके सिद्दीक़ा होने के विशेष स्थान की ओर ध्यान दिलाया है। इसका अर्थ यह है कि अमीरुल मोमिनीन (अ.) यह काम केवल एक पति के तौर पर नहीं कर रहे थे, बल्कि वह अल्लाह की हुज्जत हैं और इस ज़िम्मेदारी का अधिकार और योग्यता रखते हैं।
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) के ग़ुस्ल में अस्मा बिन्त उमैस की भूमिका
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के ग़ुस्ल में अस्मा बिन्त उमैस की मौजूदगी को भी इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
अस्मा बयान करती हैं कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) ने वसीयत की थी कि उनके इंतिक़ाल के बाद अली (अ.) और अस्मा के अतिरिक्त कोई उन्हें ग़ुस्ल न दे।
अस्मा कहती हैं: “मैंने हज़रत अली (अ.स.) को उन्हें ग़ुस्ल देने में सहायता की।” [8]
अस्मा के अपने शब्दों से उनकी भूमिका स्पष्ट होती है। वह हज़रत अली (अ.) के साथ मौजूद थीं और ग़ुस्ल में उनकी सहायता कर रही थीं। इस रिवायत के अनुसार, ग़ुस्ल की मूल ज़िम्मेदारी अमीरुल मोमिनीन (अ.) के पास थी, जबकि अस्मा सहयोगी के रूप में उपस्थित थीं।
हज़रत ज़हरा (स.) की वसीयत और रात में दफ़न
एक दूसरी रिवायत में बताया गया है कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने अपने जीवन के अंतिम समय में अमीरुल मोमिनीन (अ.) को अपने अंतिम संस्कार की ज़िम्मेदारी संभालने, उन्हें रात में दफ़न करने और उनकी क़ब्र का स्थान छिपाने की वसीयत की थी। हज़रत अली (अ.) ने उनकी वसीयत पूरी की। [9]
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की शहादत तक के वाक़ेआत की टाइमलाइन
1. फिर ताज़ा हुआ ग़म; पैग़म्बर की वफ़ात से हज़रत ज़हरा (स.) की शहादत तक
2. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की मज़लूमियत और फ़िदक की घटना का पूरा विवरण
3. अयादत के लिए आए ख़िलाफ़त के ग़ासिबों से हज़रत ज़हरा (स.) ने जताई खुली नाराज़गी
4. हज़रत अली (अ.) की मज़लूमियत और तन्हाई: नबियों की कठिनाइयों से क्या समानता थी?
5. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की शहादत से पहले के वाक़ेआत
6. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की शहादत अहले बैत की हदीसों में
7. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के बिछड़ने पर इमाम अली (अ.) का ग़म
8. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) को ग़ुस्ल किसने दिया?
9. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) ने अपनी क़ब्र छिपाने की वसीयत क्यों की?
10. फ़ातिमा ज़हरा (स.) की क़ब्र कहाँ है और उसे क्यों छिपाया गया?
**************************
संदर्भ एवं स्रोत
[1] शैख़ सदूक़, मन ला यहज़ुरुहुल फ़क़ीह, जिल्द 1, पेज 141, हदीस 391, बाब ग़ुस्ल-ए-मय्यित
«يُغَسِّلُ الْمَيِّتَ أَوْلَى النَّاسِ بِهِ، أَوْ مَنْ يَأْمُرُهُ الْوَلِيُّ بِذَلِكَ.»
[2] शैख़ कुलैनी, अल-काफ़ी, जिल्द 1, पेज 384, बाब «أنّ الإمام لا يغسله إلّا إمام من الأئمّة», हदीस 1
«إِنَّهُمْ يُحَاجُّونَنَا يَقُولُونَ إِنَّ الْإِمَامَ لَا يَغْسِلُهُ إِلَّا الْإِمَامُ … قُلْتُ: فَمَا أَقُولُ لَهُمْ؟ قَالَ: قُلْ لَهُمْ إِنِّي غَسَلْتُهُ. فَقُلْتُ: أَقُولُ لَهُمْ إِنَّكَ غَسَلْتَهُ؟ فَقَالَ: نَعَمْ.»
[3] शैख़ तूसी, इख़्तियार मारिफ़तिर रिजाल, खंड «इब्नुस्सराज, इब्नुल मकारी और अली बिन अबी हमज़ा»; मीरदामाद की टिप्पणियों वाले संस्करण में जिल्द 2, पेज 348
«إِنَّا رَوَيْنَا عَنْ آبَائِكَ أَنَّ الْإِمَامَ لَا يَلِي أَمْرَهُ إِلَّا إِمَامٌ مِثْلُهُ؟ فَقَالَ لَهُ أَبُو الْحَسَنِ عليه السلام: فَأَخْبِرْنِي عَنِ الْحُسَيْنِ بْنِ عَلِيٍّ عليهما السلام كَانَ إِمَاماً أَوْ كَانَ غَيْرَ إِمَامٍ؟ قَالَ: كَانَ إِمَاماً. قَالَ: فَمَنْ وَلِيَ أَمْرَهُ؟ قَالَ: عَلِيُّ بْنُ الْحُسَيْنِ … قَالَ: خَرَجَ وَهُمْ لَا يَعْلَمُونَ حَتَّى وَلِيَ أَمْرَ أَبِيهِ ثُمَّ انْصَرَفَ.»
[4] शैख़ कुलैनी, अल-काफ़ी, जिल्द 8, पेज 206, हदीस 250
«فَيَكُونُ الَّذِي يُغَسِّلُهُ وَيُكَفِّنُهُ وَيُحَنِّطُهُ وَيَلْحَدُهُ فِي حُفْرَتِهِ الْحُسَيْنَ بْنَ عَلِيٍّ عليه السلام، وَلَا يَلِي الْوَصِيَّ إِلَّا الْوَصِيُّ.»
[5] शैख़ सदूक़, उयून अख़बारिर रज़ा, जिल्द 2, पेज 273, बाब 63, हदीस 1
«فَقَالَ لِي: تَنَحَّ يَا أَبَا الصَّلْتِ، فَإِنَّ لِي مَنْ يُعِينُنِي غَيْرَكَ، فَغَسَّلَهُ … فَكَفَّنَهُ وَصَلَّى عَلَيْهِ.»
[6] शैख़ सदूक़, कमालुद्दीन व तमामुन्नेमा, जिल्द 2, पेज 505, अबुल अदयान की रिवायत।
«تَأَخَّرْ يَا عَمِّ، فَأَنَا أَحَقُّ بِالصَّلَاةِ عَلَى أَبِي … فَتَقَدَّمَ الصَّبِيُّ وَصَلَّى عَلَيْهِ.»
[7] शैख़ सदूक़, इललुश्शराए, जिल्द 1, पेज 184, बाब 148, हदीस 1। कुछ शब्दों के अंतर के साथ: शैख़ कुलैनी, अल-काफ़ी, जिल्द 1, पेज 459, हदीस 4
«قُلْتُ لِأَبِي عَبْدِ اللَّهِ عليه السلام: جُعِلْتُ فِدَاكَ، مَنْ غَسَّلَ فَاطِمَةَ عليها السلام؟ قَالَ: ذَاكَ أَمِيرُ الْمُؤْمِنِينَ عليه السلام. قَالَ: فَكَأَنِّي اسْتَعْظَمْتُ ذَلِكَ مِنْ قَوْلِهِ، فَقَالَ: كَأَنَّكَ ضِقْتَ مِمَّا أَخْبَرْتُكَ بِهِ؟ قُلْتُ: قَدْ كَانَ ذَلِكَ جُعِلْتُ فِدَاكَ. قَالَ: لَا تَضِيقَنَّ، فَإِنَّهَا صِدِّيقَةٌ لَا يَغْسِلُهَا إِلَّا صِدِّيقٌ، أَمَا عَلِمْتَ أَنَّ مَرْيَمَ لَمْ يَغْسِلْهَا إِلَّا عِيسَى عليه السلام.»
[8] इब्ने शहरआशूब, मनाक़िब आले अबी तालिब, जिल्द 3, पेज 364, हज़रत फ़ातिमा (स.अ.) की वफ़ात का अध्याय
«وَقَالَتْ أَسْمَاءُ بِنْتُ عُمَيْسٍ: أَوْصَتْ إِلَيَّ فَاطِمَةُ أَلَّا يُغَسِّلَهَا إِذَا مَاتَتْ إِلَّا أَنَا وَعَلِيٌّ، فَأَعَنْتُ عَلِيّاً عَلَى غُسْلِهَا.»
[9] इब्ने शहरआशूब, मनाक़िब आले अबी तालिब, जिल्द 3, पेज 36
«وَقَالَتْ أَسْمَاءُ بِنْتُ عُمَيْسٍ: أَوْصَتْ إِلَيَّ فَاطِمَةُ أَلَّا يُغَسِّلَهَا إِذَا مَاتَتْ إِلَّا أَنَا وَعَلِيٌّ، فَأَعَنْتُ عَلِيّاً عَلَى غُسْلِهَا.»