अपनी जिंदगी के आख़िरी दिनों में बीबी ज़हरा की वसीयतों में से एक अहम वसीयत यह थी कि अपनी इमाम अली से कहा कि आप मेरी शहादत के बाद दोबारा शादी करें!
वसीयत केवल शादी की सलाह दिए जाने के कारण अहम नहीं हैं, बल्कि इसलिए भी अहम है कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने उस महिला का नाम भी बताया था, जिससे हज़रत अली (अ.स.) को निकाह करना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें इस महिला से शादी क्यों करनी चाहिए।
बीबी ज़हरा (स.) ने इमाम अली (अ.) को उमामा से शादी करने की वसीयत क्यों की
अल्लामा मजलिसी ने अपनी किताब बिहारुल अनवार में हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) की एक वसीयत नक़्ल की है। इस रिवायत के अनुसार, हज़रत ज़हरा (स.) ने अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) से फ़रमाया:
“ऐ रसूलुल्लाह के चचेरे भाई! मैं सबसे पहले आपको वसीयत करती हूँ कि मेरे बाद मेरी बहन की बेटी उमामा से निकाह करना, क्योंकि वह मेरे बच्चों के लिए मेरी तरह होगी।” [1]
उमामा बच्चों के लिए माँ जैसी होंगी
अवालिमुल उलूम वल मआरिफ़ में इमाम मुहम्मद बाक़िर (अलैहिस्सलाम) से नक़्ल की गई एक रिवायत में इस वसीयत का कारण और भी स्पष्ट रूप से बताया गया है। रिवायत के अनुसार, हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) ने अपने जीवन के अंतिम दिनों में हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) से वसीयत की कि आप उमामा बिन्त अबुल आस से निकाह करें।
इसके बाद हज़रत ज़हरा (स.अ.) ने इस चुनाव का कारण बताते हुए फ़रमाया:
“वह मेरी बहन की बेटी है और मेरे बच्चों के साथ प्यार और नरमी से पेश आएगी।” [2]
अमीरुल मोमिनीन को उमामा से निकाह की वसीयत
किताब सुलैम बिन क़ैस हिलाली में भी बीबी ज़हरा (स.) की वसीयत का उल्लेख मिलता है। इस रिवायत के अनुसार, हज़रत ज़हरा (स.अ.) ने अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) से फ़रमाया:
“मैं तुम्हें वसीयत करती हूँ कि मेरी बहन ज़ैनब की बेटी से निकाह करना, ताकि वह मेरे बच्चों के लिए मेरी तरह हो।” [3]
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने उमामा को ही क्यों चुना?
इन तीनों रिवायतों में बीबी ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) की वसीयत का मूल विषय एक जैसा है। हज़रत ज़हरा (स.अ.) ने अपने बाद अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के लिए उमामा को पत्नी के रूप में चुना और इस चुनाव का कारण भी बताया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उमामा उनके बच्चों के लिए उनकी तरह होंगी और बच्चों के साथ प्यार तथा नरमी से पेश आएँगी। इन रिवायतों में विशेष रूप से बच्चों के भविष्य और उनकी देखभाल पर ज़ोर दिया गया है।
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की शहादत तक के वाक़ेआत की टाइमलाइन
1. फिर ताज़ा हुआ ग़म; पैग़म्बर की वफ़ात से हज़रत ज़हरा (स.) की शहादत तक
2. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की मज़लूमियत और फ़िदक की घटना का पूरा विवरण
3. अयादत के लिए आए ख़िलाफ़त के ग़ासिबों से हज़रत ज़हरा (स.) ने जताई खुली नाराज़गी
4. हज़रत अली (अ.) की मज़लूमियत और तन्हाई: नबियों की कठिनाइयों से क्या समानता थी?
5. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की शहादत से पहले के वाक़ेआत
6. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) की शहादत अहले बैत की हदीसों में
7. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) के बिछड़ने पर इमाम अली (अ.) का ग़म
8. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) को ग़ुस्ल किसने दिया?
9. हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.) ने अपनी क़ब्र छिपाने की वसीयत क्यों की?
10. फ़ातिमा ज़हरा (स.) की क़ब्र कहाँ है और उसे क्यों छिपाया गया?
*************************
संदर्भ और स्रोत
[1] अल्लामा मजलिसी, बिहारुल अनवार, भाग 43, पृष्ठ 191
«يا ابنَ عَمِّ رَسولِ اللهِ أوصيكِ أوَّلاً أن تَتَزَوَّجَ بَعدي بِابنَةِ أُختي أُمامَةَ فَإنَّها تَكونُ لِوُلدي مِثلي»
[2] अवालिमुल उलूम वल मआरिफ़, भाग 11, पृष्ठ 1072
«و أوصته أن يتزوّج أمامة بنت أبي العاص و قالت: بنت أختي و تحنّن على ولدي»
[3] किताब सुलैम बिन क़ैस, पृष्ठ 212
«و أنا أوصيك أن تتزوج بنت أختي زينب، تكون لولدي مثلي»